आगरा के ताजगंज में धमाका, दो की मौत

blast-in-agra-two-killedआगरा। ताजगंज क्षेत्र में ताजमहल से कुछ किमी. दूर भीषण धमाके में गुरुवार को दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल है। घटनाक्रम सुबह लगभग दस बजे का है। ताजगंज थाना क्षेत्र के गोबर चौकी में रहकर कबाड़ का काम करने वाला छोटू (22) पुत्र सोरन सिंह सेना में प्रयुक्त होने वाले मोर्टार को हथौड़े से तोड़ने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही मोर्टार की पिन निकली जोरदार धमाका हुआ और छोटू हवा में उछल गया। उसका शव क्षत विक्षत होकर बीस फूट दूर तक जा गिरा। हादसे में पास बैठे राम निवास (26) पुत्र सोरन सिंह की भी मौत हो गई जबकि राम निवास की मां माया देवी (60) गंभीर रूप से घायल हो गई।

राम निवास मूल रूप से शमसाबाद के लहरपंट्टी गांव का रहने वाला था। वह ताजगंज के गोबर चौकी में परिवार के साथ रहकर कबाड़ का काम करता था। उसने अपने साथ रिश्ते के भांजे छोटू को भी काम पर लगा लिया।

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि गुरुवार को सुबह छोटू और रामनिवास सुबह साढ़े पांच बजे घर से गये थे। वह दोनों साढ़े आठ बजे एक टेम्पो में कबाड़ लेकर लौटे। इसी कबाड़ से दोनों पीतल और अन्य धातुएं अलग कर रहे थे। घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से एक मोर्टार टाइप का बम बरामद किया है और संभावना जताई जा रही है कि इसी तरह के दूसरे बम से धमाका हुआ। जिस स्थान पर धमाका हुआ वह स्थान विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल के नजदीक है।

एसएसपी सुभाषचन्द्र दुबे ने स्पष्ट किया है कि गोबर चौकी में जिस जगह विस्फोट हुआ है वह ताजमहल से चार किमी. दूर है, ताज में पर्यटकों की आमद-रफ्त सामान्य है। लोग बेवजह किसी अफवाह का शिकार न हों। कबाड़ कहां से खरीदा गया था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही अन्य कबाड़ का काम करने वालों के यहां भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

error: Content is protected !!