दुष्कर्म के बाद युवती की गला दबाकर हत्या

डकुल की एक फैक्ट्री में कार्यरत युवती की दुराचार के बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सात घंटे के भीतर पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि जिला बरेली थाना बहेड़ी ग्राम थिरिया नथमता निवासी नत्थूलाल की पुत्री प्रियंका उर्फ शानू (22) ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के अरविंदर नगर में किराए के मकान में रहती थी। वह सिडकुल की एक फैक्ट्री में नौकरी करने वाली इस युवती की मां ऊषा देवी और भाई अमन रक्षा बंधन के अवसर पर वीरवार को बहेड़ी अपने घर गए थे। प्रियंका के साथ उसकी फुफेरी बहन रिंकी थी।

रात को दोनों बहनें कमरे में सोई थीं। सुबह जब रिंकी की नींद खुली तो प्रियंका कमरे में नहीं थी। उसने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया लेकिन यह बाहर से बंद था। इस पर रिंकी ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला। उसने जब प्रियंका की खोजबीन की तो पास के कमरे में प्रियंका की अर्द्धनग्न लाश मिली। इसकी भनक लगते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया।

सूचना पर सीओ पंकज भट्ट, कोतवाल प्रमोद शाह, एसएसआई केपी टम्टा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। रिंकी ने बताया गुरुवार दोपहर समीर अधिकारी नाम का युवक प्रियंका से मिलने आया था और चला गया। रात को जब दोनों बहनें कमरे में सोई तो उसे पता नहीं चला कि प्रियंका उठकर कब कमरे से बाहर गई। शुक्रवार सुबह समीर दोबारा आया और प्रियंका के बारे में पूछताछ कर मोबाइल भी ले गया।

इस पर पुलिस एवं एसओजी की दो टीमें गठित कर पूछताछ को ट्रांजिट कैंप निवासी समीर अधिकारी पुत्र नियामी अधिकारी को उसके घर के पास से हिरासत में ले लिया। समीर ने प्रियंका की हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि प्रियंका को वह डेढ़ वर्ष से जानता था। उसने उसे मोबाइल फोन भी दिया था। दो सप्ताह से प्रियंका उससे उखड़ी-उखड़ी रहने लगी थी। वह उसका फोन भी नहीं उठाती थी।

संदेह होने पर गुरुवार रात आठ बजे वह प्रियंका के घर पहुंचा तो फैक्ट्री में ही कार्यरत विक्रम को उसने उसके साथ देख लिया। उसने प्रियंका को हत्या करने की योजना बनाई। समीर ने कुबूल किया कि रात ग्यारह बजे वह प्रियंका के घर पहुंचा और दूसरे कमरे में उसने शारीरिक संबंध बनाने के बाद प्रियंका की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि समीर के खिलाफ धारा 302 एवं 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

error: Content is protected !!