केदारनाथ यात्रा में हुए प्रलय का आंखों देखा हाल

kedarnathआगरा। यूपी 80 बीसी 9131। इसी बस में सवार होकर 28 तीर्थयात्री 10 जून को चारधाम की यात्रा पर गए थे। भजन गाते हुए चले जा रहे थे। 15 जून को गंगोत्री से लौट रहे थे। भारी बारिश हो रही थी। डांगी गांव जैसे ही पार किया, सड़क टूटने लगी। दृश्य बिलकुल फिल्मी थी। आगे बस में सवार 28 लोग और पीछे से सड़क टूटती आ रही थी।
चालक पप्पू कुशवाह ने बस की गति बढ़ा दी। भयभीत हो गए। कुछ राम-राम जपने लगे तो कुछ ने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। किसी तरह बच ही गए। मौत छूकर निकल गई। ईश्वर की धन्यवाद दिया। कुछ तो घर लौटकर सत्यनारायण की कथा भी कराएंगे।
उस मंजर को याद करके सिहर उठते हैं हरिप्रसाद राजपूत एडवोकेट और उनकी पत्नी कम्पूरी देवी (पूर्व प्रधान दहतोरा)। उन्होंने फोन पर बताया कि सपने में भी नहीं सोचा था कि चारधाम की यात्रा पर मौत से सामना होगा। वे मानते हैं कि पुण्य कर्मो का प्रताप था कि बच गए, वरना मौत ने तो पूरी तैयारी कर ली थी। जीवन में ऐसा कभी नहीं हुआ। सुरक्षित निकल आने के बाद अपने घर फोन किए। घर वालों ने टीवी पर जल प्रलय की खबरें देख रखी थीं। इसलिए वे भी परेशान थे। जब उन्हें सुरक्षित होने की जानकारी दी गई, तो खुशी मिली। राजपूत दम्पती ने बताया कि हमें बाद में पता चला कि गंगोत्री जाने का रास्ता बंद हो गया है। 300 मीटर सड़क पानी में बह गई है।
प्रशासन ढीला:– हरप्रसाद राजपूत ने बताया कि प्रशासन की कोई व्यवस्था नहीं है। सहायता के लिए कोई आदमी नहीं पहुंच रहा है। कुछ भी नहीं मिल रहा है। चाय 15 से 25 रुपये की मिल रही है। दो किलोमीटर यात्रा के 25 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
इसलिए बचे:-श्री राजपूत ने बताया कि हमारी बस के साथ हलवाई है। हम तो खाना बनवा रहे हैं और खा रहे हैं। अगर होटलों के सहारे रहते, तो भूखे ही मर जाते। गांव नेपाला में डेरा डाला है। यह इलाक सुरक्षित है।
ये हैं बस में सवार:– दहतोरा से राजूपत दम्पती के अलावा गिर्राज सिंह (नगर निगम) और शीला देवी।
ग्राम मुबारकपुर से देवी सिंह, हरदम, रामविलास, चौ. भागीरथ सिंह। ग्राम कलागढ़ी से देवेन्द्र सिंह, ओमवती, अंगूरी देवी, लक्ष्मी देवी, रघुवीरी। बोदला से नेमीचंद और अशोक कुमारी। पथौली से सरवती देवी, कमला देवी, अशोक कुमार, कमलेश देवी, प्रेमवती, माता प्रसाद, भूदेवी। कहरई मोड़ से भगवान सिंह, भीमादेवी, लाखन सिंह और जनक सिंह।-मानसिंह राजपूत

error: Content is protected !!