उत्तराखंड: शिंदे ने मोदी को हेलीकॉप्टर से उतरने की इजाजत नहीं दी

modiअहमदाबाद। उत्तराखंड में आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे देश के गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने उत्तराखंड में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि इससे कोई लाभ नहीं होगा। राज्य के दौरे पर शिंदे ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के साथ एक पत्रकार वार्ता में कहा कि सेना की टुकड़ियां दिन-रात एक कर पीड़ितों को प्रभावित इलाकों से निकालने में लगी हैं।

उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर से उतरने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री को हेलीकॉप्टर से आपदाग्रस्त क्षेत्र में उतरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मोदी भी इसके अपवाद नहीं हो सकते हैं। वहीं गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने माना कि केंद्र और राज्य में समन्वय की कमी रही। पूर्व गृह सचिव वी के दुग्गल को देरहादून में तैनात किया जायेगा। सोमवार से वह देहरादून स्थित सचिवालय में बैठेंगे। वहीं मौसम ने चिंता बढ़ाई हुई है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में छाए बादल। मौसम विभाग ने जताई आशंका आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पड़ सकती हैं हल्की से मध्यम बौछारें। सुबह सात बजे से राहत कार्य शुरू। तीनों जिलों में 51 हेलीकाप्टर की मदद से चलाया जा रहा है बचाव अभियान। केदारनाथ में आसपास के जंगलों से बचाए गए 300 यात्री। गौरी गांव में बचाव अभियान तेज। बदरीनाथ क्षेत्र से यात्रियों को निकालने का कार्य जारी। यहां अभी फंसे हैं आठ हजार से ज्यादा यात्री। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए हेलीकाप्टर की संख्या दो से बढ़ाकर की गई सात। अभी फंसे हैं हजारों यात्री, सेना ने सड़कों को खोलने का काम किया तेज।

शिंदे ने कहा कि मी 17 हैलीकॉप्टर से अधिक पीड़ितों को लाना संभव है लेकिन वह प्रभावित इलाकों में उतर नहीं सकता है, लिहाजा उसकी जगह पर छोटे हैलीकॉप्टरों का उपयोग कर पीड़ितों को निकाला जा रहा है। इसके लिए सेना के हैलीकॉप्टर लगातार प्रभावित इलाकों का चक्कर लगा रहे हैं। शिंदे ने कहा कि इस मुद्दे पर किसी का भी राजनीति करना सही नहीं है। उन्होंने माना कि पीड़ितों को कुछ एक जगहों पर खाने पीने की सुविधा में कमी आई है, जिसकी वजह से उनमें गुस्सा है।

प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे गृहमंत्री के साथ में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत भी शामिल थे। शिंदे ने प्रेस वार्ता में कहा कि कई शव बेहद बुरी हालत में हैं जिन्हें पहचान पाना भी संभव नहीं है। इसके लिए उनके डीएनए को सुरक्षित रखा जाएगा ताकि उनकी पहचान संभव हो सके। उन्होंने कहा कि राहत कार्य में जुटी सेना की टुकड़ियां अस्थाई तौर पर रास्तों का निर्माण करने में जुटी हैं। हालांकि अब भी अलग-अलग इलाकों में करीब चालीस हजार लोग फंसे हुए हैं जिन्हें जल्द निकालने की चुनौती सेना के ऊपर है।

आज ही गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे। गौरतलब है कि उन्होंने उत्तराखंड में आई तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की केंद्र सरकार से अपील की थी। इससे पहले शुक्रवार को गुजरात सरकार ने उत्तराखंड में फंसे यात्रियों के लिए देहरादून से अहमदाबाद के लिए विशेष विमान की व्यवस्था की, जिसमें 17 श्रद्धालु यहां लौट गए हैं। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर उत्तराखंड से करीब डेढ़ सौ यात्रियों के सुरक्षित लौट आने की भी खबर है। मोदी आज मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से भी मिलेंगे। मोदी ने कहा कि गुजरात उत्तराखंड के लोगों को हर संभव मदद देगा। मोदी विशेष विमान से शुक्रवार को देहरादून पहुंचे थे।

error: Content is protected !!