शिबू के बेटे हेमंत होंगे झारखंड के मुख्यमंत्री

HEMANTकांग्रेस और झामुमो ने आज झारखंड में गठबंधन सरकार बनाने और लोकसभा चुनावों में मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया। नयी सरकार के मुखिया शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन होंगे। निश्चित रूप से हेमंत की मन मांगी मुराद कांग्रेस ने पूरी कर दी लेकिन इसके बदले में कांग्रेस ने अपनी कीमत भी वसूल ली है। कांग्रेस और झामुमों के बीच जौ समझौता हुआ है उसके तहत झामुमों ने राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से 10 कांग्रेस को दे दी है। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 10 पर और झामुमो 4 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि हम शुरू से ही राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था को बहाल करने के पक्षधर थे और इस बारे में कांग्रेस से आग्रह कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस राज्य में सरकार गठन में हमारा समर्थन करेगी और लोकसभा चुनावों के समय दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

सरकार बनाने का दावा करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस बारे में आपको जल्द बता दिया जायेगा। सोरेन के साथ मौजूद कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश मामले के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा कि दोनों दल मिलकर राज्य में सरकार गठन करेंगे और जनता की सभी समस्याओं का समाधान किया जायेगा। सोरेन और पार्टी नेता चंपई सोरेन ने हरिप्रसाद के साथ आज और कल कई घंटों तक बैठक की और गठबंधन सरकार बनाने की रूपरेखा पर चर्चा की जो साझा न्यूनतम कार्यक्रम के अनुरूप चलेगी। बैठक के दौरान मंत्रियों एवं उनके विभागों के बारे में चर्चा की गई।
गौरतलब है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन 17 जुलाई को समाप्त हो रहा है। मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के इस्तीफे के बाद झारखंड में 18 जनवरी को राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। राज्य में उस समय राजनीतिक अस्थिरता आ गई थी जब आठ जनवरी को भाजपा के गठबंधन सहयोगी झामुमो ने राज्यपाल को पत्र लिखकर औपचारिक रूप से समर्थन वापसी का ऐलान किया था जिसके बाद भाजपा नीत सरकार अल्पमत में आ गई थी। 82 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा और झामुमो दोनों के 18-18 सदस्य हैं। कांग्रेस के 13 सदस्य हैं जबकि राजद के पांच विधायक हैं।

error: Content is protected !!