आतंकी अफजल को तलाश रही पुलिस की 12 टीमें

Afzal_Usmani_295मुंबई। मुंबई के मकोका कोर्ट से भागे इंडियन मुजाहिदीन [आईएम] के आतंकी अफजल उस्मानी की तलाश के लिए मुंबई पुलिस की 12 टीमों का गठन किया गया है। गौरतलब है कि उस्मानी पुलिस को चकमा देकर शुक्रवार को कोर्ट परिसर से फरार हो गया था।

दक्षिण मुंबई स्थित सत्र न्यायालय परिसर से शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस को चकमा देकर फरार हुए अफजल उस्मानी की तलाश में मुंबई पुलिस बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, टैक्सी- ऑटो सहित महानगर के सभी होटलों एवं लॉजों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। इस तलाशी अभियान के लिए मुंबई पुलिस के सभी 12 जोन के लिए 12 पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जगह-जगह अफजल उस्मानी के चित्र जारी किए गए हैं।

ज्ञात हो कि सन् 2008 में हुए अहमदाबाद विस्फोटों का आरोपी अफजल उस्मानी मूलत: उत्तर प्रदेश का रहनेवाला है। इसलिए पुलिस मुंबई से बाहर जानेवाले सभी मार्गो की भी कड़ी निगरानी कर रही है। हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा लश्कर के आतंकी अब्दुल करीम टुंडा एवं इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकी यासीन भटकल को गिरफ्तार किए जाने के बाद मुंबई के कोर्ट परिसर से अफजल की फरारी मुंबई पुलिस के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

इस लापरवाही के लिए दो पुलिस अधिकारी निलंबित किए जा चुके हैं। तलोजा जेल से आरोपियों को मकोका कोर्ट लाने वाले कुछ कनिष्ठ पुलिस कर्मियों पर भी जल्दी ही गाज गिर सकती है। इसके अलावा सुरक्षा खामियों की जांच के लिए पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा सौंप दिया गया है। दक्षिण मुंबई स्थित सत्र न्यायालय परिसर सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है। इसके बावजूद पूरे कोर्ट परिसर में सीसीटीवी की व्यवस्था न होना सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी खामी के रूप में देखा जा रहा है। महानगर के सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी लगाने की सिफारिश 26/11 के आतंकी हमलों के बाद ही की गई थी। लेकिन इस पर अभी तक अमल नहीं किया जा सका है।

error: Content is protected !!