नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के विभाजन को लेकर प्रधानमंत्री के निवास पर हुई कैबिनेट की बैठक में अलग तेलंगाना राज्य के गठन को मंजूरी दे दी गई। इस बैठक से पहले आंध्र प्रदेश के विभाजन के खिलाफ सैकड़ों लोगों ने सात आरसीआर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
एकीकृत आंध्र के लिए कई संगठन आंदोलन चला रहे हैं। ऐसे में राज्य के तमाम हिस्सों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार से कानून व्यवस्था पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
आज की बैठक में गृहमंत्रालय की ओर से राज्य के विभाजन के सरकारी फैसले को अमलीजामा पहनाने के खाके पर विचार किया गया। मंत्रालय ने इस बारे में एक रिपोर्ट भी पेश की। गौरतलब है कि कांग्रेस कोर समिति ने आंध्र प्रदेश से तेलंगाना को अलग राज्य बनाने का फैसला किया था। तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की मांग काफी सालों से चल रही थी। तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक साथ यह मांग रखी थी।