


जयपुर। महिलाओं के खिलाफ हिंसा की बढ़ती घटनाओं के विरोध में राजस्थान और गुजरात के विभिन्न भागों से यहाँ जुटी सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने एक स्वर से इन घटनाओं का पुरजोर प्रतिरोध करने की जरूरत बताई। इस समागम में ‘उमड़ते सौ करोड़‘ (वन बिलियन राइजिंग) अभियान की प्रणेता अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रंगमंच कलाकार ईव एंसलर विशेष रूप से उपस्थित थीं। उन्होंने समाज में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के दबदबे को समाप्त करने और इसके लिए दुनिया की महिलाओं को एकजुट होने की आवश्यकता पर जोर दिया। अंतराष्ट्रीय स्वैच्छिक संस्था ‘एक्शन एड‘ एवं इसके बारह से अधिक सहयोगी संगठनों की महिलाओं के ‘‘म्हारी उड़ान, म्हारो आसमान‘‘ नामक चलाये जा रहे अभियान को प्रमुख समाजसेवी और ‘संगत‘ की दक्षिण एशिया को-ऑर्डिनेटर कमला भसीन और जागोरी की आभा भैया ने भी संबोधित किया। भसीन ने कहा कि सभी बहनों के सबसे पहले अपने ही घर से शुरूआत करनी होगी, तभी वे पुरूषों की मानसिकता में बदलाव ला सकेंगी।
आभा भैया ने बहनों का आह्वान किया कि अब महिलाओं को चुप्पी तोड़कर आगे आना होगा और अपने खिलाफ होने वाली हर तरह की हिंसा का पुरजोर विरोध करना होगा। ‘एक्शन एड‘ की गुजरात-राजस्थान की क्षेत्रीय प्रबंधक शबनम अजीज ने बताया कि सोमवार को एस.एम.एस. ऑडिटोरियम में ईव इंसलर भी मोनोलोग्स की प्रस्तुति देंगी। महिलाओं का यह समागत गत दो वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इससे महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा को रोकने की मुहिम में तेजी आई है।
इस अवसर पर हिंसा की घटनाओं से पीड़ित महिलाओं ने अपने अनुभव भी बांटे। टोंक की एक कच्ची बव्ती में रह रही समीना ने बताया कि उसे ससुराल वालों ने दहेज कम मिलने के नाम पर प्रताड़ित किया व जान से मारने की भी कोशिश की। उसने ‘तरक्की‘ संस्था के सहयोग से इसका विरोध किया और कानूनी लड़ाई शुरू कर दी। उसे पहली बार लगा कि इस संघर्ष में वह अकेली नहीं है।
राजसमंद जिले के दिवेर गांव की बुजुर्ग दलित महिला नौजी बाई ने बताया कि उसे कुछ लोगों ने डायन बताकर जान से मारने की कोशिश की। दलित अधिकार नेटवर्क के सहयोग से वह अपराधियों के खिलाफ वह बड़ी मुश्किचल से एफ.आई.आर. दर्ज करवा सकी। लेकिन प्रभावशाली लोगों के संरक्षण के कारण अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
तीन दिवसीय महिला समागम के दौरान विभिन्न सत्रों में महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के खिलाफ पंचायत स्तर पर संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी। आगामी पंचायत चुनाव में भी ऐसे ही उम्मीदवारों को चुनने पर जोर दिया जाएगा, जो महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने में साथ देंगे।
कल्याण सिंह कोठारी
मीडिया सलाहकार
मो.नं. 94140-47744