जयपुर। हाईटेक जमाने के साथ राजस्थान पुलिस भी हाईटेक हो गई है। दरअसल, पुलिस ने अपराधियों में भय पैदा करने और आमजन को सुरक्षित रखने के मकसद से दो अलग-अलग मोबाइल एप लांच किये हैं। “राज कॉर्प” नाम का पहला एप पुलिस के आतंरिक सूचना तंत्र को मजबूती देने के लिए तैयार किया गया है, जबकि “राज कॉर्प सिटिज़न” नाम का दूसरा एप आमजन और पुलिस के बीच संपर्क तंत्र को पुख्ता करने के मकसद से बनाया गया है।
राजस्थान पुलिस के इन दोनों नए मोबाइल एप की औपचारिक लॉन्चिंग गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने की। पुलिस मुख्यालय में हुए एप लॉन्चिंग के एक सादा समारोह में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन दोनों मोबाइल एप के शुरू होने से अब स्मार्टफोन मोबाइल उपभोक्ताओं को पुलिस थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। खासतौर से “राज कॉर्प सिटिज़न” एप से स्मार्टफोन उपभोक्ता को जरुरत के समय पुलिस की त्वरित मदद मिल सकेगी।
एप डाउनलोड करने के लिए स्मार्टफोन के प्ले स्टोर में जाकर “राजकॉप सिटीजन” सर्च करना होगा। जिसके बाद राजस्थान पुलिस का लोगों और स्लोगन दिखाई देगा। एप इंस्टाल होने के बाद से ये सुविधा काम में ली जा सकेगी। खास बात यह है कि इस एप के जरिए अब आमजन को भी चोरी के वाहनों से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
एप में “आई नीड हेल्प” का फीचर भी खास है जिसके दबाने के बाद पुलिस का तंत्र अलर्ट हो जाएगा। गृह मंत्री ने राजस्थान पुलिस की इस हाईटेक पहल की सराहना की और एप लांच करने के पीछे के मकसद के सफल होने की उम्मीद जताई।