वसुंधरा निकालेंगी परिवर्तन यात्रा

भाजपा ने अगले साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। प्रदेश में चुनाव अभियान की शुरूआत करीब एक साल पूर्व दिसम्बर से होगी। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता वसुंधरा राजे दिसम्बर के अंत से परिवर्तन यात्रा निकालेगी।

वसुंधरा राजे की परिवर्तन यात्रा राज्य के सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी और सभी बड़े नेता इस यात्रा में उनके साथ होंगे। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के रथ पर सवार होकर वसुंधरा राजे भाजपा के पक्ष में चुनाव अभियान की शुरूआत करेगी। इस रथ पर अभी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी यात्रा निकाल रहे है।

वसुंधरा राजे ने यात्रा के बारे में आडवाणी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गड़करी से बातचीत की है। रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी शामिल होकर सभाओं को संबोधित करेंगे।

अगले कुछ दिनों में वसुंधरा के स्वदेश लौटते ही यात्रा के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा,फिलहाल के विदेश यात्रा पर है। वसुंधरा के विश्वस्त पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर प्रदेश के नेताओं से चर्चा कर रहे है। रथ पर प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया, घनश्याम तिवाड़ी सहित उस संभाग के नेता भी सवार रहेंगे जिस संभाग में रथ यात्रा जाएंगी।

रथयात्रा को लेकर भाजपा ने आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी विस्तृत चर्चा की है। भाजपा की योजना है कि रथ यात्रा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर से शुरू की जाए और कांग्रेस के प्रभाव वाले इस क्षेत्र में चुनाव अभियान के लिए अभी से संघ से जुड़े भाजपा नेताओं को तैनात किया जाए।

परिवर्तन यात्रा का समापन वसुंधरा के गृह जिले धौलपुर में करने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक रथयात्रा में पिछली वसुंधरा सरकार के कार्यकाल में हुए महत्वपूर्ण कायरें एवं योजनाओं से सम्बन्धित प्रचार सामग्री का वितरण करने के साथ ही गहलोत सरकार की विफलताओं का भी प्रचार होगा।

रथ यात्रा में केन्द्र की यूपीए सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों से सम्बन्धित सामग्री का भी वितरण होगा। रथ यात्रा का समापन अगले साल जुलाई में समाप्त होगी। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद वसुंधरा राजे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 60 विधानसभा क्षेत्रों का अलग से दौरा करेगी। ये वे क्षेत्र होंगे जहां या तो कांग्रेस का प्रभाव है या फिर जातिगत समीकरण भाजपा के पक्ष में नहीं है। इन विधान सभा क्षेत्रों के दौरे का कार्यक्रम अगस्त एवं सितंबर दो माह चलेगा। राजेन्द्र राठौड़ ने इन क्षेत्रों की भी सूची तैयार की है।

error: Content is protected !!