लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया निभा रहा है इंटरनल विजीलैंस की महत्ती भूमिका

p1जयपुर, 2 अक्टूबर। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री श्री पी.पी. चौधरी ने कहा कि़ लोकतन्त्र के चौथे स्तम्भ के रूप में मीडिया इंटरनल विजिलेंस की महत्ती भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया के समक्ष आज सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कैसे समाचारों को समाज के समक्ष सृजनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया को सामाजिक संवेदनशीलता एवं जवाबदेही रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आम-जन तक पहुंचाने में भी मीडिया सहयोग करें।
श्री चौधरी रविवार को जयपुर में दैनिक जलते दीप के 48वें स्थापना दिवस एवं खोजपूर्ण, रचनात्मक एवं उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए संस्थापित माणक अलंकरण सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि़ पत्रकारिता में मूल्यों के लिए कार्य करने वाले मीडिया कर्मियों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। उन्होंने भारतीय सेना के वीरतापूर्ण र्सजिकल ऑपरेशन की चर्चा करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन को आम जन तक पहुँचाकर राष्ट्र को गौरव देने का कार्य मीडिया ने ही किया।
श्री चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार डिजीटल इंडिया के ज़रिए देश में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर स्वच्छ और पारदर्शी शासन की अवधारणा को साकार कर रही है। श्री चौधरी ने कहा कि भारत सरकार की माई गॉव वेब साइट सरकार और जनता के बीच संवाद का माध्यम बन रही है।
श्री चौधरी ने कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व में राजस्थान प्रगति पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने राजस्थानी भाषा को जल्द ही मान्यता मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा कि सदियों पुरानी राजस्थानी भाषा को प्रदेश की संस्कृति का प्रतीक बताते हुए कहा कि भाषाएँ देश की विविधता में एकता की प्रतीक है।
इस अवसर पर ईटीवी के प्रमुख श्री जगदीशचन्द्र ने कहा कि पत्रकारिता में मूल्यों को लेकर कार्य जरुरी है। उन्होंने जलते दीप को राजस्थान की आवाज बताते हुए कहा कि 40 साल से यह अखबार,र्निभीक अहिंसावादी अखबार के रूप में अपनी महत्ती भूमिका निभा रहा है।
राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स के मानद सचिव श्री के.एल. जैन ने कहा कि उद्योग-व्यापार संबंधी खबरें देने वाला जलते दीप प्रमुख अखबार है। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा अकादमी के अध्यक्ष रिखब चंद जैन ने कहा कि राजस्थानी भाषा की मान्यता के लिये माणक और जलतेदीप के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
वरिष्ठ पत्रकार श्री श्याम आचार्य ने पत्रकारिता की भूमिका के साथ स्व.श्री माणक मेहता के पत्रकारिता के क्षेत्र में दिये गये योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इससे पहले जलते दीप के प्रधान संपादक श्री पदम मेहता ने माणक अलंकरण की शुरुआत और पत्रकारिता में जलते दीप के योगदान के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि वे भविष्य में भी स्वच्छ और निष्पक्ष पत्रकारिता के जरिए समाज और राष्ट्र सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। श्री मेहता ने कहा कि सामाजिक मूल्यों और मानवीय सरोकारों को ध्यान में रखते हुए उनके अखबार में मानव स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव डालने वाले विज्ञापन प्रकाशित करना पूरी तरह प्रतिबंधित है ।
समारोह में वर्ष 2014 का माणक अलंकरण पुरस्कार पत्रकार श्री विनोद सिंह चौहान को प्रदान किया गया। जनसम्र्पक कर्मी का विशिष्ठ पुरस्कार नर्बदा इन्दौरिया को, विशिष्ट छायाकार का पुरस्कार अंशु आहूजा को तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का पुरस्कार डीडी न्यूज नई दिल्ली में सम्पादक श्री ओ.पी. यादव को प्रदान किया गया। इस मौके पर जलतेदीप समूह के श्री दिलीप सिंह को भी विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार समारोह में वर्ष 2015 के लिये पत्रकार श्री एम. आई. जाहिर को माणक अलंकरण पुरस्कार प्रदान किया गया। जनसम्पर्क कर्मी का विशिष्ठ पुरस्कार डॉ भूपेंद्र सिंह शेखावत को, छायाकार का विशिष्ठ पुरस्कार श्री ऋषभ जैन को और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का पुरस्कार श्री सुशांत सिंह को प्रदान किया गया। जलते दीप के श्री शांति लाल कोठारी को भी विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

error: Content is protected !!