सादुल क्लब ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए, अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है

sadul-clubबीकानेर, 24 नवंबर। पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी ने कहा कि सादुल क्लब ने उल्लेखनीय कार्य करते हुए, अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
भाटी गुरूवार को सार्दुल क्लब के 114वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह और नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि क्लब ने पिछले एक सदी से भी अधिक समय तक विभिन्न कार्यों के माध्यम से बीकानेर ही नहीं बल्कि राज्य में अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में यहां विभिन्न खेल विशेषज्ञों के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को तराशा जा रहा है। यह प्रतिभाएं आने वाले समय मंे स्तरीय प्रतियोगिताओं में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेंगी तथा स्वर्णिम सफलता प्राप्त करेंगी। उन्होंने कहा कि क्लब के उपाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने क्लब को नई उंचाईयां दिलाई हैं।
भाटी ने कहा कि क्लब के सदस्य का नगर विकास न्यास अध्यक्ष पद पर पहुंचना अत्यंत गौरवमयी है। उन्होंने कहा कि रांका के नेतृत्व में शहर, विकास की नई बुलंदियों को छूएगा। इस अवसर पर उन्होंने रांका का साफा पहनाकर स्वागत किया।
न्यास अध्यक्ष रांका ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे एवं राज्य सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वे उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर का चहुंमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों से आग्रह किया कि वे विकास से जुड़े सुझाव दें, जिस पर सकारात्मक कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर शूटिंग, ताइक्वांडो, बैडमिंटन एवं टेनिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में क्लब के सचिव अरविंद शर्मा, उपाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह राजवी, पूर्व पार्षद सुनील बांठिया, नरेश चुघ, एसपी पुरोहित सहित क्लब के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अरूषी डूमरा तथा अभिमन्यू कटारिया ने किया।

error: Content is protected !!