कलक्टर डॉ. सिंह ने आवश्यक सेवाओं से संबंधित बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश
फ़िरोज़ खान,बारां
बारां, 2 जनवरी। जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि आमजन की बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आदि आधारभूत सेवाओं से संबधित जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर राहत दी जानी चाहिए।
कलक्टर डॉ. सिंह सोमवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आवश्यक सेवाओं, पेयजल मौसमी बीमारियों, कुपोषण निवारण संबंधी बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को समन्वय से कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं के निस्तारण हेतु सजग रहना चाहिए जिससे समयबद्ध सीमा में राहत दी जा सके। उन्होंने बैठक में बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, रसद, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों से विकास कार्यों व लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. सिंह ने शाहबाद पुलिया के निर्माण, पचलावड़ा में एनिकट निर्माण, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत शुरू हुए कार्यों, विद्युत आपूर्ति, मौसमी बीमारियों की स्थिति, स्वच्छता व सफाई, मिड-डे-मिल समेत विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य के बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली जिस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाहबाद पुलिया की स्वीकृति प्राप्त कर निविदा कर ली गई है, जिले में खराब सड़कों की पहचान कर मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत पचलावड़ा में ग्रामवासियों ने एनिकट निर्माण के मांग प्रस्तुत की जिसके संबंध में जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत 44 में से 30 कार्याें की वित्तीय स्व्ीकृति प्राप्त हुई है, इस योजना के संबंध में ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विद्यृत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विद्युत सप्लाई में कमी नहीं है ढीले तार व टेड़े विद्युत पोल को दूरूस्त करवाया जा रहा है एवं हाईरिस्क पोइंट की जांच भी की जा रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौसमी बीमारियों व मलेरिया व डेंगू से बचाव के लिए सतर्कता बरतते हुए दवाओं व अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता कर मॉनिटरिंग की जा रही है एवं रोगी सेवा केन्द्र प्रारंभ कर दिया गया है। नगर परिषद के प्रतिनिधि ने बताया कि सर्दी के मद्देनजर रेन बसेरा प्रारंभ कर दिया गया है, अमृत योजना के तहत सीवरेज का टेण्डर किया गया है, नालों के समीप कचरा पात्र लगवाने व कचरा उठवाने की नियमित व्यवस्था की गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने मिड-डे-मिल संबंधी जानकारी दी। कृषि, वन विभाग ने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत कार्यों की जानकारी ली।
कलक्टर डॉ. सिंह ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के कार्यों को प्राथमिकता से शुरू करवाने, गांव में 20 से 22 घंटे विद्युत सप्लाई सुनिश्चित करने, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन कल्याण पंचायत शिविरों में जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने, मोसमी बीमारियों से बचाव के पुख्ता व्यवस्था करने, 31 जनवरी तक अस्पताल भवन निर्माण कार्य पूर्ण करने शहर की मुख्य सड़कों व एन्ट्री पोइंट पर नियमित सफाई करने, पोलीथिन के खिलाफ अभियान चलाने एवं विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय से कार्य कर जन समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रामजीवन मीणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।