भाजपा सरकार हर मोर्च पर विफल
बारां 15 जनवरी। राजस्थान की भाजपा सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल समाप्ति पर जनता की गाढी कमाई से जश्न मना रही है, लेकिन इस भाजपा सरकार के पास तीन साल की उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नही है, जिसे जनता को बताया जा सके। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में नरेगा मजदूर, आंगनबाडी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनियों को लाकर भीड दर्शाने का प्रयास किया गया है। गौरतलब है कि गत दिनों तुलसां गांव में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भी इसी प्रकार भीड एकत्रित करने के लिए वाहनों में भर-भरकर लाए गए कुछ व्यक्ति दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने बताया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। राजस्थान की वसुंधरा सरकार पिछले तीन साल में कोई उपलब्धि हासिल नहीं कर पाई। इस सरकार से जनता ने जो उम्मीद जताई थी, वह धरी रह गई है। राजनैतिक द्वेषता के कारण बारां जिले में कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत कार्यो को भी निष्क्रिय कर दिया गया है।
मेघवाल ने कहा कि इन तीन साल में जिन मुद्दों और वादों के साथ भाजपा सरकार चुनाव जीती, उन वादों पर कोई काम नहीं किया गया है। आज भी हालात बहुत खराब है। सरकार के तीन साल पूरा होने पर सरकार ने मुख्यमंत्री के फोटो के साथ होर्डिंग्स पर एक नारा दिया है ‘अच्छा काम ठोस परिणाम’। राज्य की जनता को यह जानने का अधिकार है कि मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने इन तीन साल में कौनसे अच्छे काम किए है और किस क्षेत्र में ठोस परिणाम आएं। राज्य सरकार प्रदेश में होने वाले सभी काम पीपीपी मोड पर करके निजीकरण के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
महंगाई में हुआ इजाफाः- भाजपा सरकार द्वारा मंहगाई को कम करने की घोषणा की गई थी लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार के ढाई वर्ष एवं राज्य सरकार के तीन वर्ष गुजर पूर्ण हो चुके है लेकिन भाजपा सरकार मंहगाई को कम करने में पूर्णतया विफल रही है तथा महंगाई दिनों दिन बढ़ती जा रही है, जिसके कारण आमजन का जीना दुश्वार हो गया है। बिजली की दरें तीन बार बढ़ाई जा चुकी है, बिजली बिलों में सफाई सेस, मीटर चार्ज एवं अन्य चार्ज में भी भारी भरकम बढोतरी करने से बिजली की दरें लगभग 60 प्रतिशत तक बढाई जा चुकी है। टेªन एवं रोडवेज बसों का किराया दो बार बढ़ाकर लगभग 40 प्रतिशत धनवृद्वि की गई।
सामाजिक योजनाएं:-कांग्रेस शासन के दौरान राष्ट्रीय खाद्यान्न गारंटी योजना लागू की गई थी, इस योजना अंतर्गत प्रत्येक परिवार को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना था, लेकिन भाजपा सरकार द्वारा द्वेषतापूर्वक जिले में एक लाख से अधिक गरीब उपभोक्ताओं को इस योजना से वंचित कर दिए जाने के कारण उनके भूखों मरने की नौबत आ गई है। राजस्थान की भाजपा सरकार द्वारा बारां जिले के 42 हजार लाभार्थियों के वृद्वावस्था, विधवा एवं निशक्तजन पेंशन बंद कर दी गई है जिससे ऐसे असहाय व्यक्ति धर-धर की टोकरे खा रहे है। बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं अन्त्योदय परिवारों को मिलने वाले गेहूं की दरें 1 रूपए प्रति किलो से बढाकर 2 रूपए प्रति किलो की गई एवं प्रति बीपीएल परिवार 25 किलो गेहूं की जगह प्रति व्यक्ति 5 किलो प्रतिमाह गेहूं कर दिया। बीपीएल एवं अंत्योदय परिवारों को दी जाने वाली लेवी चीनी की कीमत 11 रूपए से वृद्वि कर 19 रूपए प्रति किलो कर दी गई तथा इसका प्रतिमाह वितरण भी नहीं किया जा रहा है। इसी प्रकार केरोसीन का कोटा कम कर दिया गया है। पोस मशीन की जटिल प्रक्रिया से राशन सामग्री प्राप्त करने में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा रसद विभाग में भ्रष्टाचार का अंबार फैला हुआ है। मेघवाल ने कहा कि राजकीय चिकित्सालयों में कांग्रेस शासन के दौरान लगभग 800 दवाईयां निःशुल्क वितरण की योजना लागू की गई थी लेकिन भाजपा सरकार द्वारा रोगियों को दी जाने वाली निशुल्क दवाईयों में भी कमी करके वर्तमान में 100 तरह की दवाईयां भी उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है। चिकित्सक द्वारा लिखी गई कई दवाईयां रोगी एवं रोगी परिजनों को बाजार से मंहगी दर पर क्रय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड रहा है।
किसानों पर कुठाराघात:-कांग्रेस शासन के दौरान गेहूं की सरकारी खरीद पर किसानों को दिए जाने वाला 150-200 रूपए प्रति क्विंटल बोनस को समाप्त कर किसान भाईयों को करोड़ो रूपए का आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। भाजपा सरकार द्वारा सिंचाई कार्य हेतु 8 घंटे थ्री फेस एवं गांवों में 24 घंटे बिजली देने का घोषणा पत्र में वादा किया था लेकिन किसान विरोधी भाजपा सरकार द्वारा सिंचाई कार्य हेतु 3 से 5 घंटे बिजली दी जा रही है उसमें भी 3-4 चार ट्रिफिंग की जाती है तथा गांव में तो लाईट का पता ही नही है कि यह कब आती है और कब चली जाती है। कांग्रेस शासन में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि उपकरणों पर सब्सिडी उपलब्ध करवायी जाती थी, जिसको भी भाजपा सरकार द्वारा कम कर दिया गया है। मेघवाल ने खराब हुई फसलों का सभी किसानों को इस भाजपा सरकार द्वारा अभी तक पूरा मुआवजा वितरीत नही किया गया है जिसके कारण मुआवजें से वंचित किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बारां जिले में नए 33केवीए एवं 132केवीए जीएसएस स्वीकृत करना तो दूर की बात है, कांग्रेस शासन के दौरान बारां जिले में स्वीकृत 33 केवीए एवं 132 केवीए बिजली के जीएसएस ठंडे बस्तें में दफन कर दिए गए है। अभी तक तीन सालों में भी कई कार्यो को पूरा नही किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में पिछडे बारां जिले के लगभग 150 से अधिक उच्च माध्यमिक, माध्यमिक, उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों को एकीकरण के नाम पर बंद किया गया। 15 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों का विधानसभा चुनाव में झूंठा वादा किया, आज तक इसकी क्रियान्विति नही हुई है। बल्कि 30 हजार के लगभग विद्यार्थी मित्रों को बेरोजगार कर घर बिठा दिया गया है।
मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार कौनसी उपलब्धियों को लेकर तीन साल का जश्न मना रही है जबकि आज बारां जिले सहित सम्पूर्ण राज्य के हालात विकट है।
पानाचंद मेघवाल