तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

‘योग से दिया निरोग रहने का संदेश’

yoga2बीकानेर, 21 जून। तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर से लेकर गांवों तक हजारों लोगों ने योगाभ्यास करते हुए ‘योग से निरोग’ रहने का संदेश दिया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह रेलवे स्टेडियम में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर संवित् सोमगिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं स्वामी रामदेव, श्री श्री रविशंकर जैसे योगाचार्यो ने योग के रूप में भारत की आत्मा को पूरी दुनिया में फैला दिया है। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम से रोगों से लड़ने और इंद्रियों को तेजस्वी बनाने की क्षमता जागृत होती है। योग के नियमित अभ्यास से क्रिया, भावना और ज्ञान की शक्तियां लयबद्ध हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के 190 देशों में योग की क्रांति फैली है। स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्वगुरू बनाने का जो स्वप्न देखा था, वह साकार होने की ओर अग्रसर है।

इस दौरान गायत्री शक्ति पीठ की मधुबाला, पंतजलि योग समिति एवं भारत स्वाभीमान के डॉ. बृजेन्द्र त्रिपाठी, आर्ट ऑफ लिविंग के जितेन्द्र सारस्वत एवं ब्रह्माकुमारी प्रजापति विश्वविद्यालय की बहिन कमल ने योग की महत्ता के बारे में बताया। इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के हिसाब से प्राणायाम एवं आसनों का अभ्यास करवाया गया। यह अभ्यास पतंजलि योग पीठ, युवा भारत, गायत्री शक्ति पीठ एवं आर्ट आफ लिविंग के दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा करवाया गया। इनमें शिथिलिकरण के अभ्यास, ताड़ासन, भुजंगासन, वक्रासन, पवन मुक्तासन, कपाल भाती एवं प्राणायम सहिन अनेक योग क्रियाएंं प्रमुख थीं।

जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. महावीर सिंह राठौड़ ने आंगतुकों का आभार जताया। पतंजलि की ओर से सभी लोगों को पतंजलि के नूडल्स एवं मोहता रसायन शाला द्वारा अग्नि संदीपन चूर्ण वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गोमाराम ने किया। सामूहिक योगाभ्यास में बीकानेर पश्चिम विधानसभा के विधायक डॉ. गोपाल कृष्ण जोशी, महापौर नारायण चौपड़ा, नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, बीकानेर पंचायत समिति प्रधान राधादेवी सियाग, महानिरीक्षक पुलिस बिपिन कुमार पांडे, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता, सहीराम दुसाद, पूर्व पार्षद गोकुल जोशी, युधिष्ठिर सिंह भाटी अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।

बरसात के बावजूद पहुंचे योगाभ्यास के लिए

मंगलवार देररात हुई बरसात के बावजूद स्टेडिय में बड़ी संख्या लोग स्टेडियम में मौजूद थे। जिला प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आमजन को लाने-ले जाने के लिए 32 स्थानों से बसों की व्यवस्था की गई थी। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित समारोह में आरएसएस, शिक्षा भारती, क्रीड़ा भारती, एलआइसी सहित विभिन्न संस्थाओं ने प्रभावी भूमिका निभाई।

—–

15 सूत्री कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण गंभीरता से करें कार्य

लापरवाह अधिकारियों के विरूद्ध की जाएगी नियमानुसार कार्यवाही

बीकानेर, 21 जून। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि 15 सूत्री कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी पूर्ण गंभीरता से कार्य करें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

गुप्ता बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित 15 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि मदरसों का समयबद्ध निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। घड़सीसर व बंगलानगर के अल्पसंख्यक क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केन्द्र खुलवाने की मांग पर उन्होंने निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों के पार्षदों के माध्यम से इस सम्बन्ध में प्रस्ताव भिजवाए जाएं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों को बैंकों द्वारा समय पर कारोबारी ऋण उपलब्ध कराया जाए।

दिए जाएंगे कारण बताओ नोटिस- जिला कलक्टर ने बैठक में अनेक अधिकारियों के बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने, समय पर नहीं आने व निर्धारित फॉर्मेट में आवश्यक सूचना समय पर नहीं प्रस्तुत करने को गंभीरता से लेते हुए, ऎसे अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए।

करवाई जाएगी जांच- बैठक के दौरान समिति सदस्य अयूब कायमखानी ने कुछ मदरसों में विभिन्न अनियमितताओं की शिकायत की। इस पर जिला कलक्टर ने उन्हें कहा कि इस संंबंध में विस्तृत सूचना दें। इन प्रकरणों की वरिष्ठ अधिकारी से जांच करवाई जाएगी।

प्रगति समीक्षा- जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद सलीम ने बताया कि सत्र 2015-16 में उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत 488 विद्यार्थियों को 30 लाख 79 हजार 783 रूपये तथा मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति के तहत 113 विद्यार्थियों को 32 लाख 85 हजार 549 रूपये की छात्रवृत्ति दी गई। सत्र 2016-17 के तहत उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति में 973 व मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति के तहत 116 ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं, जिनका राशि वितरण कार्य प्रक्रियाधीन है। सत्र 2016-17 में 10 छात्रों को 6 लाख 75 हजार रूपये राशि का शैक्षणिक ऋण स्वीकृत किया गया। सत्र 2015-16 में 160 आवेदकों को कारोबारी ऋण के तहत 57 लाख 22 हजार 700 रूपये की राशि दी गई। सत्र 2016-17 में इसके तहत 104 आवेदकों को चयनित किया गया है, जिन्हें राशि दी जानी प्रक्रियाधीन है। जून माह तक आंगनबाड़ी केन्द्रों में अल्पसंख्यक समुदाय के शहरी क्षेत्र के 2 हजार 321 बच्चों का नामांकन व ग्रामीण क्षेत्रों के 10 हजार 147 बच्चों का नामांकन किया गया है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत 89 अल्पसंख्यक दिव्यांग विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्ट व एस्कोर्ट भत्ता स्वीकृत किया गया तथा 58 अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को अंग उपकरण वितरित किए गए।

बैठक में जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबन्धक आर के सेठिया, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के के मुद्गल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!