लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण कड़ी है मतदाता – भाकर
बीकानेर, 1 जुलाई। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार वृहद् मतदाता पंजीकरण अभियान शनिवार से प्रारम्भ हुआ। इसके साथ ही जिले के समस्त विधानसभा क्षेत्रों में 18 से 19 वर्ष तक के युवाओं के साथ, महिलाओं एवं विशेष योग्यजनों के पंजीयन की शुरूआत हुई।
जिला स्तरीय सम्मेलन राजकीय चौपड़ा सीनियर सैकण्डरी स्कूल में आयोजित हुआ। इसे संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर ने कहा कि भारत, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। किसी भी लोकतांत्रिक देश में मतदाता एक महत्त्वपूर्ण कड़ी होता है तथा मताधिकार का अधिकार, उसका सबसे बड़ा अधिकार होता है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जुड़े इसके लिए निर्वाचन विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं। ‘वृहद् मतदाता पंजीकरण अभियान’ ऐसा ही एक अभियान है, जिसमें वंचित मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
उपखण्ड अधिकारी नानूराम सैनी ने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे। विभिन्न शैक्षणिक संस्थान तथा स्वयं सेवी संस्थाओं सहित प्रत्येक व्यक्ति इसमें भागीदारी की पहल करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति, पंजीयन से वंचित नहीं रहे। उन्होंने बताया कि एक माह तक चलने वाला अभियान दो चरणों में चलेगा। पहले चरण में शिविरों का आयोजन होगा तथा दूसरे चरण में 16 जुलाई से बीएलओ घर-घर आकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे।
इस अवसर पर फार्म 6, 7, 8 व 8 क भरने तथा इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। चैपड़ा स्कूल के प्राचार्य मोहरसिंह यादव ने कहा कि गंगाशहर क्षेत्र की स्कूलों में प्रार्थना सभाओं में इस अभियान की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, अपने परिजनों को इस अभियान के बारे में बताए। कार्यक्रम का संचालन सुनील बोड़ा ने किया। इस अवसर पर निर्वाचन शाखा के किशन कुमार पुरोहित सहित स्कूल स्टाफ मौजूद था।
प्रपत्र-6 भरवाकर की शुरूआत
अतिरिक्त जिला कलक्टर के निर्देश पर स्कूल के विद्यार्थी प्रकाश कुमावत का प्रपत्र-6 भरवाया गया। भाकर ने सभी पात्र विद्यार्थियों के नाम जुड़वाने की कार्रवाई के निर्देश दिए। व्याख्याता सोहनलाल शर्मा ने बच्चों को निर्वाचन संबंधी प्रश्न पूछे। वहीं, बीकानेर पूर्व विधानसभा का अभियान भी शनिवार को प्रारम्भ हुआ। अभियान के तहत कांता खतूरिया काॅलोनी स्थित टेरेसा चिल्ड्रन एकेडमी सीनियर सैकण्डरी स्कूल में अभियान के बारे में जानकारी दी गई तथा पात्र युवाओं के प्रपत्र-6 भरवाए गए।
– मोहन थानवी