बीकानेर, 21 अक्टूबर। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज बिपिन कुमार पांडेय ने कहा कि हमें वीरों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
पांडेय शनिवार को पुलिस लाईन में पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि भारतीय पुलिस के जवानों ने आज से 58 वर्ष पूर्व लद्दाख के दुर्गम क्षेत्रा में मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। इनके बलिदान को स्मरण करने के मकसद से देश के हर पुलिस संगठन व संस्थान में पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। इन वीरों का बलिदान भारतीय पुलिस के जवानों की कत्र्तव्यनिष्ठा का अनुपम आदर्श प्रस्तुत करता है।
इस अवसर पर पांडेय ने परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने गत एक वर्ष में शहीद हुए 370 पुलिस अधिकारियों-जवानों के नामों का वाचन भी किया। अतिथियों ने शहीदों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित किए। पुलिस बैंड ने स्वरलहरियां बिखेरीं। पुलिस लाईन परिसर में अतिथियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस के 72 अधिकारियों-जवानों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) नाजिम अली, पुलिस मोटर ड्राइविंग स्कूल के कमांडेंट खींवराज सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी-जवान उपस्थित थे।