प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने एमजेएसए के कार्यों का किया अवलोकन
फ़िरोज़ खान
बारां, 28 अक्टूबर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री श्री बाबूलाल वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तृतीय चरण के प्री सर्वे कार्य में चयनित ग्राम पचंायतों के आमजन की सहभागिता के साथ जल संरक्षण व संग्रहण के कार्यों की रूपरेखा तैयार करें।
श्री वर्मा शनिवार को अन्ता पंचायत समिति की ग्राम पंचायत जयनगर व खजूरनाकलां में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत हुए कार्यों के अवलोकन के दौरान अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण की इन संरचनाओं का निर्माण ग्रामवासियों की पेयजल, सिंचाई की समस्याओं के निस्तारण के लिए किया गया है अतः आगामी चरण में ग्रामवासियों की आवश्यकता व मांग के अनुरूप जल संरचनाओं का निर्माण किया जाना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत जयनगर व खजूरनाकलां में मिनी परकोलेशन टेंक के कार्य का अवलोकन किया। इस मौके पर जयनगर में ग्रामवासियों ने अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने एवं झूलते विद्युत पोल को सही करवाने की मांग की जिस पर प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने मौके से ही अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग को ग्रामवासियों की उक्त समस्या के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, विधायक ललित मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र नागर, सीईओ जिला परिषद रामजीवन मीणा, अधीक्षण अभियंता जलग्रहण विभाग मुकेश बाबू शुक्ला, सिंचाई विभाग के अधिकारी आदि मौजूद थे।