राजस्व अधिकारी फील्ड विजिट करें; पारदर्शी एवं सशक्त बनें राजस्व प्रशासन

( राजस्व मंडल के अध्यक्ष श्री वी. श्रीनिवास ने धारा-53 के बंटवारा प्रकरणों में तहसीलदारों को मौके पर जाकर बंटवारे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए )

unnamedबीकानेर, 7 दिसम्बर 2017। राजस्व मंडल के अध्यक्ष श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्व प्रशासन पारदर्शी एवं सशक्त बने। परिवादी को त्वरित एवं सस्ता न्याय मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। श्री श्रीनिवास गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के बाद वहीं आयोजित बार संघ के पदाधिकारियों से साथ बैठक की तथा फिर प्रेस कान्फ्रेन्स में पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी फील्ड विजिट करें। अपने अधीन समूचे क्षेत्र की समुचित जानकारी राजस्व अधिकारी को होनी चाहिए। पत्थरगढ़ी से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए। राजस्व अधिकारी प्रति सप्ताह कम से कम तीन दिन न्यायालयों में बैठकर राजस्व प्रकरणों का निस्तारण करें। राजस्व अधिकारियों की बैठकों में उपनिवेशन के अधिकारियों से भी समन्वय रखा जाए।

गर्ल चाइल्ड लैंड के प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से हो

राजस्व मंडल अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर माफी, ट्राइबल एवं एससीएसटी लैंड, गर्ल चाइल्ड लैंड के प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। राजस्व अधिकारियों द्वारा राजस्व कार्यालयों का नियमित निरीक्षण सभी स्तरों पर किया जाए। जमाबंदी लेखन के दौरान आमजन के समक्ष जमाबंदी का पठन देने के बाद ही अंतिम रूप दिया जाए, जिससे वादकरण कम हो। उन्होंने पूगल एवं छत्तरगढ़ के तहसीलदारों को प्रत्येक चक का मौका निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
श्री श्रीनिवास ने कहा कि राजस्व रिकाॅर्ड का संधारण पूर्ण गंभीरता से किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों में साक्षी के आने पर उनके साक्ष्य लेना सुनिश्चित किया जाए तथा प्रकरणों में अनावश्यक तारीखें नहीं दी जाएं। उन्होंने धारा-53 के बंटवारा प्रकरणों में तहसीलदारों को मौके पर जाकर बंटवारे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों के सभी निर्णय आॅनलाइन कर दिए जाएं, जिससे आमजन इनका अवलोकन कर सकें। उन्होंने जिले के तहसील मुख्यालयों पर बन रहे माॅर्डन रिकाॅर्ड रूम की प्रगति की जानकारी ली तथा कहा कि इनका निर्माण अतिशीघ्र किया जाए।

जिले में 20 हजार 123 प्रकरणों का निस्तारण किया

बैठक में जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने कहा कि जिले में ‘राजस्व लोक अदालत: न्याय आपके द्वार’ के दौरान 20 हजार 123 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि रिकाॅर्ड का कम्प्यूटराइजशेन का कार्य प्रगतिरत है। राजस्व मंडल के सदस्य महावीर सिंह ने कहा कि राजस्व लोक अदालत जैसे अभियानों में निस्तारित प्रकरणों की संख्या के साथ उनके निर्णय के स्तर का विशेष ध्यान रखा जाए। राजस्व न्यायालयों के रिकाॅर्ड संधारण का कार्य प्रभावी तरीके से किया जाए।
बैठक में राजस्व अपील अधिकारी डाॅ. राकेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, उप विधि परामर्शी रामकिसन शर्मा सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं तहसीलदार मौजूद थे।

बार संघ के पदाधिकारियों से साथ बैठक

राजस्व मंडल अध्यक्ष श्री वी. श्रीनिवास ने कलक्ट्रेट सभागार में बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि निर्णय लेखन के संबंध में उपखण्ड अधिकारी की राज्य स्तरीय कार्यशाला का शीघ्र ही आयोजन किया जाएगा। टीसी से पुख्ता आवंटन के प्रकरणों में शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए जा रहे हैं। राजस्व मंडल की सर्किट बैंच के निर्णय की प्रतियां स्थानीय स्तर पर दिलवाने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक के दौरान अधिवक्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ओम आचार्य ने सर्किट बैंच का समय दो दिन के साथ महीने में चार दिन करने, संभागीय आयुक्त को राजस्व मंडल सदस्य की शक्तियां प्रदान करने, सर्किट बैंच की डीबी बीकानेर में लगाने, राजस्व बोर्ड का कार्यालय स्थानीय स्तर पर स्थापित करने आदि मांगें रखीं। बैठक में बार संघ अध्यक्ष रविकांत वर्मा, बच्छराज कोठारी, सत्यनारायण तिवाड़ी, उमेश ऋषि, संतलाल, सत्यपाल साहू आदि ने भी विचार रखे। राजस्व मंडल अध्यक्ष ने संभागीय आयुक्त तथा जिला कलक्टर कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने उपनिवेशन अधिकारियों के साथ बैठक की।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!