बीकानेर 9/1/18। जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण व शहरी प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया गया। मातृ व शिशु मृत्युदर में कमी लाने एवं मातृत्व सेवाओं में सुदढ़ीकरण हेतु प्रतिमाह की 9 तारीख को एएनसी शिविर लगाए जा रहे हैं। गर्भवती महिलाओं को चिकित्सकों व स्त्रीरोग विशेषज्ञों की देखरेख में प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं दवाओं की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई गयी। सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके सुरक्षित प्रसव के प्रबंधन की कवायद की गई। मातृ व शिशु मृत्युदर में कमी लाने विशेषकर एनीमिया की जांच कर एनेमिक महिलाओं को आवश्यकतानुसार आयरन की गोलियां, आयरन सुक्रोज इंजेक्शन व ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सलाह दी गई।
अभियान के तहत जिले में 1,921 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांचें की गई। जिला अस्पताल में पीएमओ डॉ. बीएल हटीला व डॉ. सविता परमार ने 88 गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांचे की जिनमे से 32 की सोनोग्राफी व 18 की एचआईवी जांच की गई । शहरी यूपीएचसी में 268, खण्ड बीकानेर में 287, श्रीडूंगरगढ़ में 308, नोखा में 425, कोलायत में 231, लूणकरणसर में 222 व खाजूवाला में 92 गर्भवतियों की जांचे हुई। अभियान में निजी गायनेकोलोजिस्ट की भूमिका उल्लेखनीय रही जिन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के राजकीय चिकित्सालयों में स्वेच्छा से जाकर गर्भवतियों की एएनसी जांचें की।
– मोहन थानवी