93वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी दाउलाल व्यास का निधन

राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार
बीकानेर, 12 अप्रैल। स्वतंत्रता सेनानी दाऊलाल व्यास का गुरूवार को निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। श्री व्यास पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को भाटोलाई स्थित श्मसान गृह में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानी दाऊलाल व्यास के पुत्र बृजगोपाल व्यास ने बताया कि 1 जनवरी 1925 को पाली में जन्मे व्यास ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सक्रिय रूप से भाग लिया और बीकानेर में स्वतंत्रता की अलख जगाई। व्यास वार्ड पार्षद तथा पूगल के उपसरपंच रहे। वे माणिक्यलाल सीमावर्ती छात्रावास के अधीक्षक तथा प्राकृतिक चिकित्सा केन्द्र के सक्रिय सदस्य रहे। उन्हें वर्ष 2014 व वर्ष 2016 में राष्ट्रपति द्वारा आयोजित राष्ट्रपति एट होम में सम्मानित भी किया गया। उन्होंने बताया कि श्री व्यास की अंतिम यात्रा शुक्रवार को उनके निवास स्थान से प्रातः 11 बजे रवाना होगी। उनके परिवार में 4 पुत्र व 4 पुत्रियां हैं।

error: Content is protected !!