एक बार फिर ‘कमल’ खिलाने में प्रभावी भूमिका निभाएगा आईटी विभाग

भाजपा आईटी विभाग की संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित
बीकानेर, 1 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के आईटी विभाग की संभाग स्तरीय कार्यशाला रविवार को श्रीगंगानगर के ग्रीन वेली रिसोर्ट में आयोजित हुई। कार्यशाला के मुख्यवक्ता आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी थे। उन्होंने ‘आज के दौर में आईटी की महत्ता और उपयोग’ के बारे में जानकारी दी। जोशी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आईटी विभाग महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विभाग द्वारा इसकी कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक संभाग में कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं, जिससे आईटी का प्रत्येक कार्यकर्ता कुशलता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके।
जोशी ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त पदाधिकारी इस ज्ञान का उपयोग बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में करें। युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाए। उन्होंने आईटी कार्यकर्ताओं को ‘साइबर योद्धा’ बताया तथा कहा कि विभाग का प्रत्येक कार्यकर्ता से पार्टी को अपेक्षाएं हैं। इन उम्मीदों पर खरा उतरकर हम प्रदेश में एक बार फिर ‘कमल’ खिलाने में महत्ती भागीदारी निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बीकानेर की कार्यशाला संभाग स्तरीय अंतिम कार्यशाला है। अब सभी कार्यकर्ताओं को अपनी प्रतिभा दिखानी है।
कार्यशाला संयोजक क्रांति चुग ने बताया कि दो सत्रों में आयोजित कार्यशाला के दौरान आईटी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विभाग के संभाग प्रभारी चंद्र शेखर गौड़ ने सोशल मीडिया के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को अपडेट रहने की जरूरत बताई। इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह, सांसद निहाल चंद, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिसिंह कामरा, नगर विकास न्यास अध्यक्ष संजय महिपाल, जिला उपाध्यक्ष प्रहलादराॅय टाक, जुगल डूमरा, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रमजान अली, जिलाध्यक्ष गुरवीर बराड़ सहित संभाग के चारों जिलों के कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!