बीकानेर के बिग टाइगर भाटी और इमरान बिग बॉस सीजन 12 में शामिल

. ✍️ मोहन थानवी
बीकानेर 26 जुलाई 2018। राजस्थानी फिल्मों के जाने पहचाने अभिनेता एवं भाजपा नेता युधिष्ठिर सिंह भाटी उर्फ टाइगर अब बिग टाइगर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। बिग टाइगर को बिग बॉस सीजन 12 के लिए टॉप 200 कलाकारों में शामिल किया गया है। टाइगर के साथ ही बीकानेर के ही कलाकार इमरान खान भी बिग बॉस सीजन 12 के लिए टॉप 200 चयनितों में शामिल हैं। बिग बॉस 15 सितंबर से शुरु होने वाला है । इस संबंध में युधिष्ठिर सिंह भाटी ने होटल वृंदावन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बिग बॉस सीजन 12 के लिए दुनिया भर से पांच लाख कलाकारों ने आवेदन किया था, चयन कमेटी ने उनमें से 200 कलाकारों को चयनित किया है । चयन प्रक्रिया एवं अपना अनुभव साझा करते हुए टाइगर ने कहा कि चयन के लिए मौजूद 10 कलाकारों के ग्रुप में से ही अंतिम चयन हुआ और चयन समिति के पूछने पर मौजूद 10 में से 8 कलाकारों ने मेरा नाम लिया इससे मुझे बहुत बहुत खुशी हुई । टाइगर ने बताया कि कुल 8 जोड़ी सीजन 12 के लिए अंतिम चयन के रूप में सामने आएगी । एक सवाल के जवाब में भाटी ने कहा कि इस विश्व प्रसिद्ध टीवी सीरियल बिग बॉस में अपने चयन के लिए बीकानेर वासियों के सहयोग को श्रेय देता हूं। बिग बॉस के संवादों में अभद्र भाषा को लेकर बीते दिनों में हुए विवाद संबंधी एक सवाल के जवाब में टाइगर भाटी ने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। ऐसे विवादित रहे सीरियल में काम करने को लेकर पूछे गए सवाल पर उनका जवाब था कि कलाकार की कोई सीमा नहीं होती । अच्छा रोल अच्छा काम मिले तो कलाकार को खुद को विवादों से दूर रखते हुए करना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी सीरियल या सिनेमा दर्शकों को पसंद आए इसके लिए कुछ मसाला, कॉमेडी , एक्शन, भावनाप्रधान सीन आदि डालने होते हैं। कलाकार को अपना अभिनय तो प्रदर्शित करना ही होता है । रियलिटी शो और फिल्मों में से किसे पसंद करते हैं, इस सवाल पर टाइगर का कहना था कि यह दोनों ही क्षेत्र बल्कि कला का हर क्षेत्र उचित है । कला और प्रतिभा को मंच मिलना चाहिए । कला और राजनीति के क्षेत्र में से किसे अधिक पसंद करते हैं, इसके जवाब में टाइगर का कहना था कि वे राजनीति को वरीयता देते हैं क्योंकि उन्होंने बीकानेर में राजनीतिक क्षेत्र को 30-32 वर्ष समर्पित किए हैं। बिग बॉस 12 के प्रदर्शित होने एवं राज्य में विधानसभा चुनावों का समय लगभग एक होने के कारण यदि संभव होगा तो वह बिग बॉस से निकलकर अपने विधानसभा क्षेत्र में ही सेवाएं देंगे । उनकी उम्मीदवारी के सवाल के जवाब में भाटी ने कहा कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं । आलाकमान द्वारा टिकट मिलने पर वह अवश्य जीतेंगे। जनता को अपनी सेवाएं एक विधायक के रुप में देना पसंद करेंगे । भाटी ने अपने सिग्नेचर वाक्य ‘‘साहब नहीं साथी चाहिए’’ के बारे में कहा कि वे जब जनता की पीड़ा सुनते हैं तो वे एक साथी की तरह उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करते हैं। बहुत सी बार जनता बताती है कि किसी अधिकारी या नेता से मिलने जाने पर यह कहा जाता है कि साहब अभी व्यस्त हैं अभी नहीं मिल सकते तो उन्हें इस तरह के व्यक्तित्व पसंद नहीं और वह स्वयं भी एक साथी के रूप में ही जनता के हमदर्द बनकर रहते आए हैं और विधायक बनने पर भी वह अपनी साथी की छवि को बिगड़ने नहीं देंगे । उन्होंने अपनी योजना बताई कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में चयनित स्थानों पर अपने प्रतिनिधि तैनात करेंगे जहां जनता अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकती है और उन्हें वहां तैनात साथियों की मार्फत विधायक द्वारा दी जाने वाली सेवाओं से वंचित नहीं होना पड़ेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिग टाइगर भाटी के साथ इमरान खान कोहरी के पिता फिल्म डायरेक्टर महफूज कोहरी मौजूद थे।

error: Content is protected !!