आरएसएलडीसी की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
बीकानेर, 31 जनवरी। जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा कि आरएसएलडीसी के तहत अधिकाधिक युवा प्रशिक्षित हो और वे स्थानीय स्तर पर भी रोजगार पा सकें इसके लिए गंभीरतापूर्वक प्रयास किए जाएं।
गौतम ने गुरूवार को कलक्ट्रेट सभागार में आरएसएलडीसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सभी ब्लाॅक मुख्यालयों पर प्रशिक्षण केन्द्र खोलें जाएं और स्थानीय उद्वोग धंधों के अनुसार नए कोर्सेस भी शुरू करें।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण के पश्चात जितने प्रशिक्षणार्थियों को प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाया जाता है उनका नियमित सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि आरएसएलडीसी के पास कार्य करने का बहुत स्कोप है। रोजगार बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसके मद्देनजर प्रयास हो कि जिले में अधिकाधिक युवा हुनरमंद हो, कौशल का विकास कर युवा रोजगार व स्वरोजगार के लिए तैयार हो सके। ग्राम पंचायत वार सूचियां लेकर युवाओं को आरएसएलडीसी के तहत दिए जा रहे प्रशिक्षण की सूचना देंवे। सार्वजनिक स्थानों पर होर्डिंग, पेप्पलेट लगवा कर रोजगारपरक कोर्सेस के बारे में प्रचार-प्रसार करवाएं, ताकि अधिकाधिक युवा सरकार की इन योजनाओं से परिचित होकर इनका लाभ ले सकें।
प्लेसमेंट प्राप्त युवाओं की सूची उपलब्ध करवाएं
जिला कलक्टर ने कहा कि आरएसएलडीसी द्वारा अब तक जितने युवाओं को प्लेसमेंट दिया गया है उनकी सूची मय मोबाइल नम्बर उपलब्ध करवाएं जिससे वे खुद इनका सत्यापन कर सकें।
बीपीओ खुलवाने का दिया टारगेट
जिला कलक्टर ने आरएसएलडीसी को बीकानेर में एक बीपीओ खुलवाने का लक्ष्य दिया और कहा कि युवाओं को प्रशिक्षत कर बीकेईएसएल जैसी कंपनियों के साथ सम्पर्क कर प्रशिक्षित युवाओं को बीपीओ के माध्यम से रोजगार दिलवाएं। स्थानीय उद्वोग जैसे भुजिया, पापड़, आचार, फूड पैकेजिंग सिरेमिक, पाॅटरी, कारपेट सिक्योरिटी गार्ड, ड्राईविंग आदि से जुड़े प्रशिक्षण भी शुरू करें। नए ट्रेनिंग पार्टनर ढूंढे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार देने का प्रयास करें। स्थानीय उद्वोगपतियों से सम्पर्क कर भी रोजगार दिलवाएं। जिला कलक्टर ने कहा कि बीकानेर में सौलर उर्जा उत्पादन में कई बड़ी कंपनियां सामने आ रही है। सौलर प्लांट आदि से जुड़े तकनीकी प्रशिक्षण प्रारम्भ करें तथा इन कंपनियों से सम्पर्क कर प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार उपलब्ध करवाएं।
प्रशिक्षण केन्द्रों के नियमित भ्रमण का निर्देश
गौतम ने कहा कि आरएसएलडीसी के अधिकारी प्रशिक्षण केन्द्रों का नियमित भ्रमण करें वहां की व्यवस्था और प्लेसमेंट आदि की जानकारी लें। बैठक में राजीविका द्वारा गठित स्वयं सहायता समूह, प्रशिक्षण आदि की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि आरएसएलडीसी द्वारा अब तक 4 हजार 790 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया। जिनमें से 2 हजार से अधिक युवाओं को प्लेसमेंट उपलब्ध करवाया गया।