नहरबंदी शुरू होने से पहले ही कर लें सभी आवश्यक वैकल्पिक इंतजाम-मीना

संभागीय स्तरीय बैठक में की नहरबंदी कार्ययोजना की समीक्षा
बीकानेर, 8 मार्च। संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना ने कहा कि नहरबंदी के दौरान आमजन को पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसके लिए समय रहते सभी वैकल्पिक व्यवस्थाएं दुरूस्त कर ली जाए।
मीना ने शुक्रवार को कार्यालय सभागार में संभाग के सभी जिलों के कलक्टर, पुलिस अधीक्षक व सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर नहरबंदी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नहरबंदी के दौरान पानी की एक-एक बूंद का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इंदिरा गांधी नहर में पानी की नियमित सप्लाई नहीं आने की स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही डिग्गियों को भरने, ट्यूबवैल निर्माण स्वीकृति आदि कार्यवाही की जाए। यह सुनिश्चित हो कि पानी चोरी की घटनाएं न हो, ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जलदाय विभाग, आईजीएनपी और पुलिस प्रशासन संयुक्त टीम बनाकर नियमित पेट्रोलिंग करें और जल चोरी के मामले प्रकाश में आने पर सम्बंधित के विरूद्ध तुरंत प्रभाव से एफआईआर दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि जलदाय विभाग सर्वे करवाएं और नहरबंदी से पूर्व सभी बड़ी डिग्गियों को भरवाना सुनिश्चित करें। इस सम्बंध में आमजन को भी जागरूक कर उनका सक्रिय सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को उनके घरों में बनी निजी डिग्गियों को भरने के लिए कहा जाए।
वाटर बजटिंग करें
संभागीय आयुक्त ने कहा कि अधिकारी वाटर बजटिंग करें और एक निश्चित स्ट्रेटजी के अनुसार नहरबंदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें ताकि आमजन को किसी प्रकार से परेशानी न हो। उपलब्ध जल संसाधनों का उचित उपयोग हो। आवश्यकतानुसार नए ट्यूबवैल स्वीकृत कर टैंडर करवाए जाएं।
कंट्रोल रूप में रखे लॉग बुक
मीना ने कहा कि नहरबंदी के दौरान संभाग के सभी जिला मुख्यालयों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, जिसके दूरभाष नम्बर आमजन को उपलब्ध करवाए जाएं। जिससे लोग समस्या आने पर सम्बंधित अधिकारी को सूचना देकर अपनी समस्या का समाधान करवा सकंे। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में एक लॉग बुक रखी जाए जिसमें कंट्रोल रूप में प्रतिदिन आने वाले फोन, समस्या आदि का पूर्ण ब्यौरा दर्ज हो। उन्होंने जिला कलक्टरों से नहरबंदी के दौरान इस लॉग बुक पर नजर बनाए रखने को कहा।
मीना ने कहा कि जिले में पेयजल वितरण के दौरान कानून व्यवस्था में समस्या की स्थिति न बने। जल मित्रों का सहयोग लिया जाए, जल कमेटियों को सक्रिय किया जाए, गांवों में बनी सेनीटेशन कमेटियों को भी सक्रिय करें ताकि कहीं भी अशुद्ध सप्लाई की स्थितियां न बने। आमजन को पीने का साफ पानी मिलना चाहिए इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जलदाय विभाग के साथ मिलकर समन्वय से कार्य करें।
बीकानेर जिला कलक्टर कुमार पाल गौतम ने बताया कि जिले में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। नहरबंदी के दौरान प्रभावित होने वाले गांवों में इस सम्बंध में प्रचार-प्रसार कर आमजन का पूरा सहयोग लिया जाएगा।
खाजूवाला में शुद्ध पेयजल के लिए भेजा 180 करोड़ रूपए की स्कीम का प्रस्ताव
गौतम ने बताया कि खाजूवाला में पेयजल शुद्धता के लिए 180 करोड़ रूपए की लागत के प्रस्ताव भेज गए हैं। आरओ प्लांट आदि की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में चुरू के जिला कलक्टर संदेश नायक ने नहरबंदी के दौरान सम्पूर्ण व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी दी।
हनुमानगढ़ जिला कलक्टर ने बताया कि इस सम्बंध में नियमित रूप से बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। नए ट्यूबवैल निर्माण को स्वीकृति दी गई है। नहरों में पोडिंग कर अतिरिक्त जल संग्रहण की व्यवस्था की गई है। मीना ने कहा कि विभागीय अधिकारी आईईसी गतिविधियां करें। ऐसे ग्रे एरिया जहां पानी चोरी की संभावना रहती है, आईजीएनपी पुलिस प्रशासन के सहयोग से नियमित पेट्रोलिंग करें।
टैंकर माफिया न पनपे
संभागीय आयुक्त ने कहा कि अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि नहरबंदी के दौरान पानी की किल्लत न पैदा हो और लोगों की परेशानी के चलते टैंकर माफिया न पनपे, इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए। मीना ने चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि गांवों में डिग्गियों में पानी की सफाई के लिए लिए क्लोरीन टैबलेट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो।
बैठक में आईजी बी एल मीना, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त रामनिवास जाट, चूरू जिला कलक्टर संदेश नायक, हनुमानगढ़ जिला कलक्टर जाकिर हुसैन, गंगानगर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव स्वामी, पुलिस अधीक्षक बीकानेर प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक चूरू, हनुमानगढ़ श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक, चीफ इंजीनियर (उतर) सिंचाई के एल जाखड़, एडीसी रेगुलेशन विनोद मितल, एडी पीएचईडी दिलीप गौड़ सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!