प्राध्यापक (मा.शि.) प्रतियोगी परीक्षा, 2018 की तैयारी की गई समीक्षा

बीकानेर, 01 जनवरी। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं प्राध्यापक प्रतियोगी परीक्षा के समन्वयक ए.एच.गौरी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में परीक्षा को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।
गौर तलब है कि राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा प्राध्यापक (मा.शि.) प्रतियोगी परीक्षा, 2018 का आयोजन 03 जनवरी से 13 जनवरी 2020 तक किया जाना है। इस संबंध में गौरी ने परीक्षा केन्द्राधीक्षक और उप समन्वयक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को दिए गए निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाई जाए। किसी भी स्तर पर मामूली सी चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। जिन कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जानी है, उन्हें नियम-कायदों के बारे में जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के लिए निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाए। उन्होंने परीक्षा के लिए गठित उड़न दस्तों के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिए ये उड़न दस्ते परीक्षा में कोई भी नकल अथवा अनुचित तरीके न अपनाए, इसकी गहनता से जांच करेंगे। उन्होंने इस दौरान वीडियोग्राफी, नियंत्रण कक्ष और परीक्षा केन्द्र में आवश्यक संसाधनों के बारे में आवश्यक निर्देश दिए।
इसमें सामान्य ज्ञान का प्रश्न पत्र एक सत्र में प्रातः 09ः00 बजे से 10ः30 बजे तक एवं ऐच्छिक विषयों के प्रश्न पत्र प्रातः 09ः00 बजे से 12ः00 बजे एवं दोपहर 02ः00 बजे से 05ः00 बजे तक दो सत्रों में आयोजित की जायेगी।
परीक्षा समन्वयक एवं अति.जिला कलक्टर, (प्रशासन) ए.एच.गौरी ने बताया कि इस परीक्षा के सफल एवं संचारू संचालन हेतु राजस्थान प्रशासनिक सेवा, राजस्थान पुलिस सेवा और राजस्थान शिक्षा सेवा के तीन-तीन अधिकारीगण के दल बना कर 12 उड़न दस्तांें का गठन किया गया है। इसी प्रकार राजपत्रित स्तर के 12 अधिकारीगण के निर्देशन में उपसमन्वयक दलों का गठन किया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर राजपत्रित स्तर के एक अधिकारी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रत्येक अराजकीय परीक्षा केन्द्रों पर 02 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक परीक्षा की विडियोग्राफी करवाई जायेगी। इन सभी सतर्कता दलों, पर्यवेक्षकों एवं केन्द्राधीक्षकों से समन्वय के लिये जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा (मुख्यालय) उमाशंकर किराडू को उप समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (मा.शि.) मुख्यालय एवं प्रतियोगी परीक्षा के उप समन्वयक उमा शंकर किराडू सहित केन्द्राधीक्षक उपस्थित थे।
—–
पंचायत राज आम चुनाव कार्मिकों को प्रशिक्षण 4 जनवरी से
बीकानेर, 01 जनवरी। पंचायत राज आम चुनाव को सुचारू रूप से संपादित करवाने के लिए 4 जनवरी से कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ए.एच.गौरी ने बताया कि 4 व 5 जनवरी को पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्व विद्यालय के प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से आरओ व आरओ सहायक को प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी को सुबह 10 बजे सैक्टर आॅफिसर को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 8 जनवरी से 11 जनवरी तक राजकीय डूंगर महाविद्यालय में सुबह 10 बजे पीआरओ व पीओ प्रथम का प्रशिक्षण आयोजित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को प्रथम चरण के मतदान दलों का प्रशिक्षण सुबह 9 बजे व रवानगी राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय से होगी।
इसी प्रकार से द्वितीय चरण के मतदान दलों का प्रशिक्षण 21 जनवरी को सुबह 9 बजे तथा रवानगी राजकीय पोलिटेक्निक महाविद्यालय से होगी।

error: Content is protected !!