सजा के बाद भी पद पर क्यों?

जयपुर। शहर की निचली अदालत द्वारा रास्ता रोकने के मामले में प्रदेश सरकार में चिकित्सा राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा को सजा सुनाए जाने के बाद नवलगढ़ की राजनीति में उबाल आ रहा है। नवलगढ़ की पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मांग की है कि राजकुमार शर्मा को पद से हटाया जाए। प्रतिभा सिंह का तर्क है कि अपराधों में नाम आने पर कई मंत्रियों को पद से हटाया जा चुका है, ऐसे में न्यायालय की ओर से दोषी ठहराकर तीन साल की सजा सुनाए जाने पर राजकुमार को भी पद से हटाया जाना चाहिए।

प्रतिभा सिंह का कहना है कि यह कोई व्यक्तिगत लड़ाई का मामला नहीं है। रास्ता रोकने जैसे गंभीर अपराध में शहर की निचली अदालत में राजकुमार का अपराध साबित हो चुका है।

भंवरी प्रकरण में नाम आने पर पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को पद से हटाया गया, आरोपों में घिरने पर पूर्व वन मंत्री रामलाल जाट को भी पद खोना पड़ा, भ्रष्टाचार के मामले में नाम आने पर पूर्व मंत्री भरोसी लाल जाटव का भी पद से हटाया गया। ऐसे में राजकुमार शर्मा के साथ दरियादिली क्यों दिखाई जा रही है। सिंह का आरोप है कि इससे साबित होता है कि सरकार में संख्याबल पूरा करने और सरकार को बचाने के लिए शर्मा को बचा रही है।

डॉ. राजकुमार शर्मा, चिकित्सा राज्य मंत्री ने कहा है कि मैंने एक पीड़ित लड़की को न्याय दिलाने के लिए 1997 में सांकेतिक प्रदर्शन कर रास्ता रोका था। मैं एक दो दिन में सीएम से मिलकर वस्तुस्थिति से अवगत कराऊंगा। प्रतिभा सिंह बौखलाहट में बयानबाजी कर रही हैं।

error: Content is protected !!