फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री भारती मेहता, भोजपुरी सुपरस्टार गायकों एवं कलाकारों की रहेगी विशेष मौजूदगी, दो दिवसीय छठ महोत्सव में बहेगी भक्ति और संस्कृति की सरिता
**भीलवाड़ा।** वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में इस बार लोक आस्था, श्रद्धा, भक्ति और भोजपुरी संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। छठ महापर्व के पावन अवसर पर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों, चर्चित अभिनेत्रियों और संगीत जगत के सितारों की मौजूदगी शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट, भीलवाड़ा की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय भव्य **छठ महोत्सव** का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पूर्वांचल समाज सहित शहर के विभिन्न वर्गों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
छठ महापर्व इस वर्ष 13 नवंबर से 16 नवंबर तक चार दिवसीय धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया जा रहा है। सूर्य उपासना और लोक आस्था को समर्पित यह महापर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी अनुपम संदेश देता है। इस पर्व में व्रती महिलाएं एवं पुरुष कठिन निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष **रजनीश वर्मा** ने बताया कि छठ महापर्व पूर्वांचल की संस्कृति और परंपरा का सबसे बड़ा पर्व है। यह पर्व हमें संयुक्त परिवार की महत्ता, त्याग, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन का अनूठा दर्शन प्रस्तुत करती है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर हम जीवन में विनम्रता और हर परिस्थिति को स्वीकार करने की सीख लेते हैं, वहीं उगते सूर्य की आराधना नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
14 नवंबर को भोजपुरी कलाकारों की धूम, अभिनेत्री भारती मेहता होंगी विशेष आकर्षण
महोत्सव के प्रथम सांस्कृतिक आयोजन का मुख्य आकर्षण फिल्म, वेब सीरीज एवं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुकीं अभिनेत्री **श्रीमती भारती मेहता** होंगी। भारती मेहता ने फिल्म *दिल्ली 2020* तथा आगामी फिल्म *कचनेर की कॉल* में अपने अभिनय से पहचान बनाई है। इसके अलावा वेब सीरीज *विषकन्या, खिड़की, आरआरआर* सहित वाहा फ्लिक्स, एन प्ले और शॉर्ट बॉक्स जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रोजेक्ट्स में भी काम किया है। वहीं टीवी सीरियल *जुर्म और जज़्बात* एवं *मौका-ए-वारदात* में भी अपने अभिनय की प्रतिभा प्रदर्शित की है।
रजनीश वर्मा ने बताया कि **14 नवंबर को खरना के उपरांत शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक** भीलवाड़ा के हृदय स्थल मानसरोवर झील, पटेल नगर के प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में भोजपुरी संगीत के जाने-माने गायकों और कलाकारों का शानदार समागम होगा।
इस संध्या में भोजपुरी संगीत के लोकप्रिय गायक **त्रिलोक झा** अपनी भक्तिमय गायकी से समां बांधेंगे। सुप्रसिद्ध गायिका **संजना** छठ के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगी। वहीं छपरा के सुपरस्टार गायक **श्याम सिंह** अपनी खास भोजपुरी गायन शैली से दर्शकों को भोजपुरी संगीत की मधुर दुनिया से रूबरू करवाएंगे।
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण भोजपुरी अभिनेत्री **नैना सिंह** रहेंगी, जो भोजपुरी फिल्मों एवं म्यूजिक एल्बम में अपने अभिनय से दर्शकों के बीच पहचान बना चुकी हैं। नैना सिंह भी मंच पर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। उनके साथ नृत्यांगनाएं **यीशु गुप्ता एवं आरोही** अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक संध्या को यादगार बनाएंगी।
15 नवंबर को वृंदावन की भक्ति और धार्मिक लीलाओं का अलौकिक संगम
छठ महोत्सव के दूसरे दिन **15 नवंबर को शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक** श्रम कल्याण केंद्र, लेबर कॉलोनी मैदान, भीलवाड़ा में भव्य भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दिन समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन से पधारे कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम में भोजपुरी गायक एवं गायिकाओं की लाइव परफॉर्मेंस के साथ वृंदावन के कलाकारों द्वारा देवी-देवताओं की लीलाओं का नाटकीय रूपांतरण प्रस्तुत किया जाएगा। विभिन्न देवी-देवताओं के आकर्षक एवं जीवंत स्वरूप दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगे। भक्ति संगीत, धार्मिक नाट्य प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय बनाया जाएगा।
पूर्वांचल की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प
आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वांचल की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोकगीतों, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। छठ महापर्व के माध्यम से समाज में स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जागरूकता, पारिवारिक संस्कार और आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
भीलवाड़ा में आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव पूर्वांचल समाज के साथ-साथ समस्त शहरवासियों को एक मंच पर जोड़ने का माध्यम बनेगा। भोजपुरी फिल्म जगत की अभिनेत्रियों, लोकप्रिय गायकों, वृंदावन के कलाकारों और स्थानीय श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है।
*आयोजन समिति के सदस्य रहे मौजूद*
इस अवसर पर आयोजन समिति की ब्रांड एंबेसडर अनोखी राजस्छानी व समिती के सदस्य दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, शिल्पी सिंह, रामवती देवी, पूनम, मंजू देवी, राजऋषि,वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, राकेश मानसिंहका, गोपाल माली, ललित अग्रवाल, चेतन मानसिंह, राजकुमार माली, मुरली मनोहर सेन, महावीर तेली सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
**पूर्वांचल जन चेतना समिति चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से समस्त भीलवाड़ावासियों को इस भव्य छठ महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होकर लोक आस्था, भोजपुरी संगीत, भारतीय संस्कृति और भक्ति के इस अनुपम उत्सव का साक्षी बनने का आमंत्रण दिया गया है।**