गहलोत के पूरे भाषण में मैं ही मैं-वसुन्धरा

nimbaheda (127)newनिम्बाहेड़ा/चित्तौड़गढ़। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि अशोक गहलोत के पास प्रदेश की जनता को बताने के लिए कुछ भी नहीं है। इसलिये वह अपने पूरे भाषण में वसुन्धरा ऐसी और भाजपा वैसी के अलावा कुछ भी नहीं बोल पाते। साढे चार साल तक तो मुख्यमंत्री पैसा बनाने में लगे रहे और अब जब चुनाव आ गये, तो फिर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करने लगे। लेकिन जनता सच क्या है और झूठ क्या है, अब अच्छी तरह जान चुकी है। श्रीमती राजे चित्तौड़ जिले के निम्बाहेड़ा में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि गहलोत सरकार ने साढे चार साल में क्या किया और मुख्यमंत्री बताते हैं कि वसुन्धरा और भाजपा ने क्या किया। राजे ने कहा कि जिस सरकार से खुद के मंत्री और विधायक ही संतुष्ट नहीं है, उस सरकार से जनता क्या संतुष्ट होगी। विधायक अपनी मांग मनवाने के लिए टावर पर चढ़ रहे हैं, धरने दे रहे हैं, मुख्यमंत्री पर खुले आम भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। ऐसी सरकार किस मुंह से सत्ता में वापसी के सपने देख रही है।
श्रीमती राजे ने कहा कि आज महंगाई आसमान पर है। महिला उत्पीड़न में हमारा प्रदेश रिकार्ड तोड़ रहा है। किसान आत्म हत्याएं कर रहे हैं। नौजवानों को रोजगार नहीं है। मजदूर के लिए मजदूरी नहीं है। व्यापारियों के लिए अच्छा माहौल नहीं है। निवेशक राजस्थान से दूर-दूर भाग रहे हैं। कानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। पूरे प्रदेश को तहस-नहस करके रख दिया है। और अब कह रहे है कि हमें वोट दो।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश को उन्होंने बीमारू की श्रेणी से निकालकर देश के विकसित प्रदेशों में लाकर खड़ा कर दिया था, आज वो प्रदेश वापस गड्डे में चला गया है। इसे जमीन पर लाने के लिए बहुत मेहनत करनी पडे़गी। जो राजस्थान पांच चार साल पहले अपने गौरव, विकास और इतिहास के नाम से जाना जाता था, वो ही राजस्थान आज अपनी बदहाली के लिए पहचाना जाता है। जहां हत्याएं, बलात्कार, साम्प्रदायिक तनाव हर दिन की बात हो गई है। मुख्यमंत्री सोचते हैं कि साढे़ चार साल तक कुछ नहीं किया और अब 6 महीने में जनता से झूंठ बोलकर वापस सत्ता में आना चाहते हैं। लेकिन जनता ने अब तय कर लिया है कि वो भाजपा के साथ चलेगी। श्रीमती राजे के अलावा नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया और सांसद श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने भी सभा को सम्बोधित किया।
कुर्ते पायजामे पहनने से कोई गांधी नही बन जाता-कटारिया
निम्बाहेड़ा/चित्तौड़गढ़। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि ये मुख्यमंत्री अपने आप को गांधी समझता है। कोरे कुर्ते पायजामे पहनने से कोई गांधी नहीं बन जाता। मुफ्त दवा, मुफ्त जांच और मुफ्त आवास चिल्ला रहे हैं। मुख्यमंत्री जेब का पैसा दे रहा है क्या? ये जनता का ही पैसा है। कांग्रेस के लिए कांग्रेस का हाथ, गरीब के साथ। मैं कहता हूं कांग्रेस का हाथ गरीब के साथ नहीं, गरीब का टेटवा दबाने के लिए है। फिर मुख्यमंत्री ने रोबर्ट वाड्रा को रेगिस्तान में जमीने दिलवा दी। ऐसे लुटेरे गांधी नहीं हो सकते। ये तो गांधी का नाम बदनाम कर रहे हैं।

error: Content is protected !!