24 साल बाद होली पर दुर्लभ योग का आपकी नाम राशि पर असर…

jyotishशुक्रवार, 6 मार्च 2015 को होली है और इस बार 24 वर्ष बाद ज्योतिषीय दुर्लभ योग बन रहे हैं। होली शुक्रवार को पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में मनाई जाएगी, इस नक्षत्र का स्वामी शुक्र है। चंद्रमा पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र यानी सिंह राशि में रहेगा। इस दिन गुरु एवं शुक्र दोनों अपनी उच्च राशि में रहेंगे। सूर्य कुंभ राशि में रहेगा।

24 वर्ष पूर्व 1991 में ऐसा योग बना था, जब शुक्रवार को होली थी और शुक्र के स्वामित्व वाले पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र था, चंद्रमा भी सिंह राशि में था और गुरु-शुक्र भी अपनी-अपनी उच्च राशि में स्थित थे। यही योग इस वर्ष 2015 में बन रहा है। भविष्य में इस प्रकार का योग 24 वर्ष 2039 में बनेगा। उस समय शुक्रवार को गुरु-शुक्र उच्च के रहेंगे और होली आएगी, लेकिन चंद्रमा नक्षत्र बदल लेगा।

शुभ योग रहेगा होली पर
यह योग शुभ रहेगा। शुक्र के नक्षत्र में एवं शुक्रवार को होली एवं शुक्र का वर्तमान में उच्च राशि मीन में स्थित होना सभी के लिए फायदेमंद हो सकता है। शुक्रवार की होली प्राकृतिक रूप से भी श्रेष्ठ रहेगी। व्यापार श्रेष्ठ रहेगा एवं उत्तम फसल की प्राप्ति होगी। इस बार की होली मीन एवं कन्या राशि वालों के लिए खास रहेगी। साथ ही, सिंह राशि पर शनि का ढय्या होने के बावजूद सफलता मिल सकती है। कुंभ राशि के जातक भी लाभ में रहेंगे।

1. मेष राशि
होली के दौरान उत्साह एवं धन वृद्धि का समय रहेगा। चंद्रमा पंचम रहने से  समस्याओं का अंत होगा एवं किसी प्रकार की परेशानी आने की संभावना नहीं है। मार्च मध्य का समय धन के मामलों में कमी कर सकता है। संतान के स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा।
उपाय: आप होली के दिन शिवलिंग पर दूध और लाल पुष्प अर्पित करें।

2. वृषभ राशि
आपकी राशि से शुक्र ग्यारहवां एवं गुरु तीसरा है, इसके साथ शनि की दृष्टि होने से हर कार्य में आगे लाभ प्राप्त करेंगे। विवादपूर्ण मामलों में सफलता मिलेगी एवं नए कार्यों की योजनाएं भी बनेंगी। कारोबार का विस्तार होगा एवं आय अच्छी बनी रहेगी।
उपाय: आप होली के दिन शिवलिंग पर काले तिल अर्पित करें और दीपक जलाएं।

3. मिथुन राशि
चंद्र का गोचर तृतीय रहेगा एवं यह समय सभी प्रकार से अनुकूल रहेगा। जीवन साथी से लाभ और सहयोग प्राप्त होगा। अविवाहित लोगों को प्रेम-प्रसंग में सफलता मिलेगी। कारोबार की योजनाएं सफल होंगी। यात्राएं शुभ फलदायक होंगी। नए मित्रों की प्राप्ति होगी।
उपाय: होली के दिन आप गाय को हरी घास खिलाएं और हरा वस्त्र दान करें।

4. कर्क राशि
पंचम भाव में राशि का गोचर एवं गुरु सब प्रकार से श्रेष्ठ फल प्रदान करता है। संतान से खुशियां मिलेंगी। नौकरी में भी प्रमोशन के योग बन रहे हैं। योजनाएं सफल होंगी। आय भी उत्तम बनी रहेगी। निकट भविष्य में कोई बड़ा कार्य हो सकता है।
उपाय: इस राशि के लोग होली पर शिवलिंग पर दूध, शहद और जल अर्पित करें।

5. सिंह राशि
सूर्य की दृष्टि से समाज और घर-परिवार में आपकी ताकत बनी रहेगी, लेकिन स्वास्थ्य में असंतुलन हो सकता है। कोई बड़ा कार्य होने की संभावना है। राजपक्ष से लाभ होगा। संतान से सहयोग मिलेगा एवं जीवन साथी से अनुकूलता रहेगी।
उपाय: इस राशि के लोग होली के दिन सुबह सूर्य को जल अर्पित करें। जल में अक्षत और कुमकुम भी डालें।

6. कन्या राशि
कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा एवं होली पर खुशियोंभरा वातावरण रहेगा। प्रेम में वैचारिक मतभेद समाप्त होंगे। धन की आवक सुगम होगी। व्यापार में भी कोई नया सौदा प्राप्त हो सकता है। पैर मे चोट लगने का भय रहेगा।
उपाय: होली पर आप श्रीगणेश को दूर्वा अर्पित करें। शनि के लिए काले कंबल का दान करें।

7. तुला राशि
शुक्र राशि से षष्ठम एवं गुरु दशम रहेगा। यह समय सभी प्रकार से अनुकूल रहेगा। योजनाएं सफल होंगी। जिम्मेदारी बढऩे की संभावनाएं हैं। होली पर उत्साह बना रहेगा एवं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होगा।
उपाय: होली के दिन आप किसी नदी में या सरोवर में मछलियों को आटे की गोलियां बनाकर खिलाएं।

8. वृश्चिक राशि
दशम चंद्रमा एवं शनि का गोचर कष्टदायक हो सकता है। वाहन आदि का प्रयोग सावधानी से करें। अपना कार्य स्वयं ही करें। 15 तारीख के बाद राहत मिलेगी एवं लाभ के आसार बढ़ जाएंगे। बंधुओं से सहयोग प्राप्त होगा।
उपाय: आप होली के दिन शिवलिंग पर लाल पुष्प अर्पित करें। यदि संभव हो तो शिवजी का भात पूजन करें।

9. धनु राशि
नवम चंद्र से आय उत्तम बनी रहेंगी तथा कार्य की अधिकता होने के बावजूद प्रसन्नता बनी रहेगी। परिवार के साथ समय व्यतीत करने का मौका मिलेगा। जीवन साथी से सुख प्राप्त होगा। कारोबारी यात्राएं सफल होंगी तथा व्यापार की नई योजनाएं बनेंगी।
उपाय: कार्यों में सफलता के लिए होलिका दहन के समय होलिका पर गोबर के कंडे (उपले) अर्पित करें। अपने इष्टदेव के मंत्रों का जप करें।

10. मकर राशि
इस राशि पर उच्च के गुरु की दृष्टि है एवं बुध का गोचर राशि में हो रहा है, यह समय बुद्धि संबंधी कार्यों के लिए लाभदायक होगा। संतान को भी सफलता दिलाने वाला समय रहेगा। नौकरी में प्रमोशन के साथ ट्रांसफर के योग बनेंगे। हर कार्य में सफलता प्राप्त होगी। 18 एवं 19 मार्च महत्वपूर्ण दिन रहेंगे।
उपाय: होली पर किसी मंदिर में काले तिल का दान करें। किसी गरीब व्यक्ति को तेल का दान करें।

11. कुंभ राशि
राशि स्वामी शनि के शत्रु सूर्य का गोचर कुछ कार्यों को बाधित करेगा। व्यय की अधिकता भी करेगा। रोग में वृद्धि हो सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। चंद्र अष्टम रहेगा, लेकिन धन की कमी नहीं होने देगा। परिवार से सहयोग बना रहेगा। न्यायालयीन मामलों में सफलता मिलेगी एवं शत्रुओं की पराजय होगी।
उपाय: होली के दिन हनुमानजी को सिंदूर अर्पित करें और हनुमान चालीसा का जप करें।

12. मीन राशि
शुक्र, मंगल, केतु का गोचर राशि में और राहु की दृष्टि होने से योजनाएं सफल होंगी। अचानक किसी बड़े कार्य में सफलता मिलने के योग हैं। धन की आवक बनी रहेगी। पुराने साथी से मुलाकात होगी। स्वास्थ्य की समस्या हो सकती है।
उपाय: होली पर आप किसी शिव मंदिर जाएं और शिवलिंग पर पीले रंग के पुष्प अर्पित करें।

error: Content is protected !!