राजे सरकार की पहली वर्षगांठ पर मिलेगा नियुक्तियों का तोहफा!

Vasundhara Rajeजयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी सरकार की पहली वर्षगांठ पर प्रमुख भाजपा नेताओं को राजनीतिक नियुक्तियों का तोहफा दे सकती हैं। मुख्यमंत्री स्तर पर इसे लेकर कवायद जारी है। बताया जा रहा है कि सरकार के एक साल के जश्न के बाद दस से ज्यादा बोर्ड और अकादमियों में राजनीतिक नियुक्ति की जा सकती है। नियुक्तियों में 13 दिसंबर को होने जा रहे कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा नेताओं के प्रदर्शन को भी आधार बनाया जाएगा। सरकार में अभी राजनीतिक नियुक्ति के ज्यादातर पद खाली हैं। इधर, राजनीतिक नियुक्तियों की चर्चा शुरू होते ही भाजपा नेताओं ने लॉबिंग शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि राजनीतिक नियुक्तियों में केंद्रीय नेताओं और आरएएस की पंसद नापंसद को भी तवज्जो दी जाएगी। इसे देखते हुए नेताओं ने दिल्ली तक जुगत लगाना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि राजनीतिक नियुक्तियों की सूची 13 दिसंबर बाद कभी भी जारी की जा सकती है। इससे पहले नामों को लेकर मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और केंद्रीय नेताओं से चर्चा कर सकती हैं।

एक साल से है इंतजार
सरकार गठन से ही भाजपा में राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार है। पहले उम्मीद की जा रही थी कि लोकसभा चुनाव बाद यह नियुक्ति की जा सकती थी। बाद में मामला मंत्रिमंडल विस्तार तक टल गया। अब विस्तार के बाद से ही राजनीतिक नियुक्तियों की कवायद जारी है।

दौड़ में हैं कई प्रमुख दावेदार
डॉ.दिगंबर सिंह, दीया कुमारी, सुनील कोठारी, जितेन्द्र मीणा, सुमन शर्मा, सतीश पूनिया, योगेन्द्र तंवर, ज्योति किरण, श्रीकिशन पाटीदार, धर्मनारायण जोशी, अजय पाल सिंह, मुकेश पारीक, ओपी महिन्द्रा, श्याम सुंदर शर्मा।

ये प्रमुख पद हैं खाली
राजस्थान आवासन मंडल, बीज निगम, खादी एवं ग्रामोद्योग, आरटीडीसी, खेल परिषद, यूथ बोर्ड, मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन, राज्य महिला एवं बाल कल्याण विकास बोर्ड, बीसूका उपाध्यक्ष, राज्य किसान आयोग, सफाईकर्मी आयोग आदि में अब तक प्रमुख पदों पर नियुक्ति नहीं की गई है।

error: Content is protected !!