मुख्यमंत्री आज करेंगी द्वितीय चरण का शुभारंभ

vasundhara 7फ़िरोज़ खान,बारां
बारां, 8 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे शुक्रवार को बारां जिले की तुसलां ग्राम में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण का शुभारंभ करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर आमजन को भी संबोधित करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्रीमती राजे दोपहर 1ः20 पर हेलीकॉप्टर से तुलसां पहुंचेंगी। यहां वे प्रदेश स्तरीय मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान का विधिवत रूप से शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम में सांसद दुष्यंत सिंह, कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। अभियान के शुभारंभ के दौरान वे विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर आमजन को संबोधित करेंगी। वे यहां से दोपहर 2ः30 बजे जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगी। जिला प्रशासन ने आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, जिला प्रमुख नंदलाल सुमन, जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक डी.डी. सिंह ने गुरूवार को आयोजन स्थल का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मिलेगा सिंचाई व पशुपेयजल
मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण के अन्तर्गत तुलसां में नाले पर एनीकट निर्माण पर 64.44 लाख की अनुमानित लागत आएगी। इसकी ऊंचाई 1.90 मीटर व लम्बाई 28 मीटर रहेगी। इससे लगभग 2.01 एमसीएफटी जल का भराव होगा। इस जल भण्डारण से आसपास के क्षेत्र के भूमिजल स्तर में बढ़ोतरी, पशु पेयजल व सिंचाई के लिए अतिरिक्त जल उपलब्ध होगा। एनीकट से तुलसां, कोटडी व तुमड़ा गांव लाभांवित होंगे। इस नाले का उद्गम बामला व तुमड़ा की ऊंचाई वाली भूमि से होता है जो आगे जाकर तुलसां के पास परवन नदी में विलय हो जाता है। वर्षा काल में इस नाले में पानी अच्छी आवक होती है।
4581.19 लाख के होंगे कार्य
मुख्यमंत्री मंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय चरण में जिले की 44 ग्राम पंचायतों के 152 गांवों में 3106 कार्य होंगे। इस पर 4581.19 लाख रूपए की लागत आएगी। अभियान के अन्तर्गत जल संरक्षण व जल ग्रहण के कार्य कराए जाएंगे। अभियान में अंता में 209 कार्यों पर 264.21 लाख, अटरू में 588 कार्यों पर 662.64 लाख, बारां में 321 कार्याें पर 408.68 लाख, छबड़ा में 372 कार्यों पर 652.15 लाख, छीपाबड़ौद में 552 कार्यों पर 777.47 लाख, किशनगंज में 448 कार्यों पर 862.31 लाख, शाहबाद में 616 कार्यांे पर 953.73 लाख रूपए व्यय होंगे।

error: Content is protected !!