जिला परिषद से रवाना हुए स्वच्छता रथ
अजमेर। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार एवं ग्रामीण विकास व पंचायतीराज विभाग द्वारा आयोजित निर्मल भारत अभियान के तहत राष्ट्रीय स्वच्छता जागरूकता सप्ताह का शुभारम्भ शुक्रवार को हुआ। जिला स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष जिला प्रमुख श्रीमती सीमा माहेश्वरी, जिला कलक्टर श्री भवानी सिंह देथा एवं विधायक श्री वासुदेव देवनानी ने जिला परिषद से स्वच्छता रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।जिला परिषद में आयोजित कार्यक्रम के तहत जिला स्वच्छता मिशन की अध्यक्ष जिला प्रमुख श्रीमती सीमा माहेश्वरी, जिला कलक्टर श्री भवानी सिंह देथा एवं विधायक श्री वासुदेव देवनानी ने स्वच्छता रथों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जिला परिषद के सीईओ श्री एल.आर. गूगरवाल ने बताया कि स्वच्छता जागरूकता सप्ताह के तहत जिला, ब्लाॅक, ग्राम पंचायत एवं ग्राम स्तर पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता रथों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों को गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान फिल्म प्रदर्शन, ग्राम स्तर पर कमेटियों का गठन, घरों की साफसफाई, सार्वजनिक स्थानों की साफसफाई, ग्राम स्वच्छता सभा का आयोजन, वार्ड बैठकों का आयोजन, परिवार सम्पर्क, स्वच्छता नारा लेखन, विद्यालय स्वच्छता रैली, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता, निर्मल प्रतिज्ञा आदि कार्यक्रम किए जाएंगे।
जिला परिषद में आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिला प्रमुख श्रीमती सीमा माहेश्वरी, विधायक श्री वासुदेव देवनानी एवं जिला परिषद सदस्य श्री राजेन्द्र सिंह रावत ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार गांवों में साफसफाई को लेकर विशेष ध्यान दे रही है। इस अवसर पर उप जिला प्रमुख श्री ताराचन्द रावत, जिला परिषद सदस्य नन्दाराम, के.जी. जोशी, मांगीलाल बालोटिया, ओमप्रकाश भडाणा, सुमन मण्डरावलिया, संतोष रावत, नाथी देवी, मुन्नी देवी रावत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। जिला समन्वयक विजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम की जानकारी दी।