संभागीय आयुक्त ने ली स्मार्ट सिटी योजना के क्रियान्वयन संबंधी बैठक
जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव

अजमेर। संभागीय आयुक्त श्री धर्मेन्द्र भटनागर ने कहा कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। अजमेर को सम्पूर्ण रूप से विकसित एवं सुनियोजित बनाए जाने के लिए जारी इस योजना में सभी सरकारी विभाग सकारात्मक सहयोग करें। यह योजना अजमेर के विकास के लिए होने जा रहे महायज्ञ की तरह है। हम इसमें अपनी सहयोग रूपी आहूति दें।
संभागीय आयुक्त श्री भटनागर ने बुधवार को अपने कार्यालय में अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने संबंधी योजना से जुड़े विभागों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना अजमेर को देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल करेगी जो हर तरह से आधुनिक होंगे। इस योजना के तहत शहर के विकास के लिए कई अहम सुधार किए जाएंगे। इस योजना के तहत विभिन्न सरकारी विभागों को समन्वय स्थापित कर समयबद्घ रूप से काम करना है। हम सब पूरी गम्भीरता के साथ इस योजना में सहयोग करें।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि योजना के तहत हम सरकारी विभागों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संस्थाओं के भी सुझाव लेंगे। उनका सहयोग हासिल कर कार्य करेंगे। सभी को इस योजना में पूरे मनोयोग के साथ जुटना है।
श्री भटनागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना के तहत वर्तमान में उपलब्ध सुविधाओं, विभागीय स्तर पर होने वाली कार्यवाही तथा आगामी कामों के लिए होने वाले खर्च के प्रस्ताव तैयार करें ताकि इस पर तीव्र गति से काम शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने-अपने स्तर पर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से जुटें तथा विकास के इस महायज्ञ में अपनी आहूति दें। सभी विभाग अपने स्तर पर बैठक आयोजित कर योजना से जुड़े प्रस्ताव तैयार करें।
श्री भटनागर ने बताया कि योजना के तहत यातायात व्यवस्था में सुधार सबसे अहम पहलू है। इसके तहत शहर में एक छोर से दूसरे छोर तक जाने के लिए अधिकतम यात्रा समय 30 मिनट तय किया गया है। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं अन्य शहरी विभाग मिलकर इस योजना को क्रियान्वित करेंगे। इसी तरह शहर में फुटपाथ निर्माण, साईकिल टे्रेक, पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं को भी विकसित किया जाएगा। अजमेर विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए गए कि शहर में सुनियोजित आवासीय सुविधाओं का विकास करें।
श्री भटनागर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को शहर में 24 घण्टे जलापूर्ति, शत-प्रतिशत मकानों तक सीधी जलापूर्ति, प्रति व्यक्ति 135 लीटर जलापूर्ति, सभी जल कनेक्शनों में मीटर सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसी तरह नगर निगम को सीवरेज एवं सेनीटेशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत विभाग को 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति सभी मकानों तक कनेक्शन आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यवाही करने को कहा।
उन्होंने भारत संचार निगम लिमिटेड को पूरे शहर में वाई-फाई की सुविधा एवं पूरे शहर के मकानों में लैंडलाईन व मोबाईल कनेक्शन उपलब्ध कराने के बारे में प्रस्ताव तैयार करने तथा इस सुविधा को विकसित करने के लिए सुझाव देने को कहा।
संभागीय आयुक्त ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से अजमेर शहर में टेलीमेडिसिन सुविधा, 30 मिनट में इमरजेंसी रेस्पोंस सुविधा, प्रति 15 हजार जनसंख्या पर एक डिस्पेंसरी, ए व बी कैटेगरी के अस्पताल, मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल आदि सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसी तरह शिक्षा, उच्च शिक्षा, अग्नि शमन, नवीनीकृत उर्जा, सौर उर्जा, ग्रीन बिल्डिंग आदि के बारे में जानकारी लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने कहा कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सभी विभाग टीम के रूप में कार्य करेंगे। अजमेर शहर की यातायात से संबंधित समस्या के सुधार के लिए जल्द ही प्रयास किए जाएंगे।
जिला कलक्टर ने नगर निगम के सीईओ श्री सी.आर. मीणा को निर्देश दिए कि पार्किंग की समस्या के निस्तारण के लिए शीघ्र कार्यवाही शुरू करें। जहां पर पार्किंग स्थल निर्धारित है वाहनों को वहीं पर पार्क कराने के लिए यातायात पुलिस का सहयोग लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि अजमेर विकास प्राधिकरण , जलदाय विभाग, विद्युत विभाग एवं परिवहन सहित अन्य विभागों को निर्देश दिए कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने के लिए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करें ताकि उन्हें अनुमोदन के लिए भेजा जा सके।
जिला कलक्टर डॉ. मलिक ने बताया कि इस संबंध में कार्यवाही शुरू की जा चुकी है। जल्द ही योजना से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि समयबद्घ रूप से कार्य करें।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र सिंह चौधरी ने स्मार्ट सिटी बनाने के लिए स्मार्ट पुलिस एवं स्मार्ट टै्रफिक मैनेजमेंट सिस्टम के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की अवधारणा बिना स्मार्ट पुलिस के अधूरी है। हमें स्मार्ट सिटी के प्रस्तावों में स्मार्ट पुलिस के प्रस्ताव को भी शामिल करना है। स्मार्ट पुलिस अत्याधुनिक एवं कम्प्यूटराईज्ड तकनीकों से जुड़ी होनी चाहिए ताकि यातायात एवं क्राईम कंट्रोल के लिए प्रभावी ढंग़ से काम किया जा सके।
नगर निगम के सीईओ श्री सी.आर.मीणा ने बताया कि आगामी 22 नवम्बर को इस संबंध में नई दिल्ली में एक सम्मेलन होने जा रहा है। इस सम्मेलन में अजमेर शहर को स्मार्ट सिटी बनाए जाने के संदर्भ में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आगामी 17 नवम्बर तक अपने प्रस्ताव एवं सुझाव बनाकर दें ताकि उन्हें सम्मेलन में शामिल किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री रमेश चंद सोलंकी, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री हरफूल सिंह यादव, परिवहन विभाग के अतिरिक्त क्षेत्रीय आयुक्त श्री सत्येन्द्र नामा, जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक चौधरी, अतिरिक्त आयुक्त आबकारी श्री अन्तर सिंह सहित चिकित्सा, शिक्षा, जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री वी.के. शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक यातायात अदिति कांवट सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सफाई का रखें विशेष ध्यान – संभागीय आयुक्त
अजमेर। संभागीय आयुक्त श्री धर्मेन्द्र भटनागर ने कहा कि अजमेर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए यह भी जरूरी है कि शहर साफ व सुंदर हो। इसके लिए सरकारी विभागों सहित व्यापारिक, शैक्षणिक एवं अन्य संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। विभाग विशेष अभियान चलाकर स्वच्छता का ध्यान रखें।
संभागीय आयुक्त कार्यालय में स्मार्ट सिटी से संबंधित बैठक को सम्बोधित करते हुए संभागीय आयुक्त श्री भटनागर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने स्वच्छता अभियान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल कर रखा है। इसकी सफलता के लिए हम सब भी सहयोग करें। उन्होंने बताया कि इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, बैंकों एवं व्यापारिक संगठनों का सहयोग लेकर कार्य किया जाए। जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में पूर्ण मनायोग से जुटने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी सकारात्मक रूख अपनाएं। पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि सभी पुलिस थानों में प्रत्येक गुरूवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।