अजमेर। राज्य सरकार के निर्देश पर जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने जिले के विद्यालयों में 14 से 19 नवम्बर तक बाल स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री बंशीलाल मीणा ने बुधवार को स्वच्छता अभियान से संबंधित बैठक ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में 14 से 19 नवम्बर तक बाल स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि 14 नवम्बर को सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में स्कूल परिसर की सफाई, कक्षाओं में डस्टबिन लगाना एवं कक्षाओं की सफाई से अभियान की शुरूआत होगी।
इसी तरह 15 नवम्बर को स्कूल के किचन व खाने के स्थान की सफाई कर विद्यार्थियों की माताओं को किचन दिखाने के लिए बुलाया जाएगा। इसी तरह 17 नवम्बर को विद्यार्थियों को स्वच्छता की जानकारी देने के साथ ही हैल्थ चैकअप आदि कार्यक्रम आयोजित होंगे, 18 नवम्बर को पीने के पानी की टंकियों की सफाई व जागरूकता तथा 19 नवम्बर को स्कूलों के शौचालयों की सफाई आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी श्री लालचंद सैनी, श्रीमती लीला पारवानी, श्री राजेश कुमार, श्री कृष्ण गोपाल वैष्णव, श्री जयनारायण व्यास एवं श्री रामप्रकाश शर्मा आदि उपस्थित थे।