कलक्टर का पीसांगन दौरा : अधिकारियों की ली बैठक


अजमेर। जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने कहा कि अधिकारी विभागीय योजनाओं व लक्ष्यों को समयबद्घ रूप से पूरा करने हेतु संकल्पबद्घ होकर कार्य करें एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।
डॉ. मलिक आज पीसांगन पंचायत समिति कार्यालय में अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि अधिकारी विभागीय लक्ष्यों व योजनाओं का समयबद्घ निस्तारण करेंगे तो जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सकेगा। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं व लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट ली एवं दिशा निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भॉवता से अजमेर मार्ग, दांतडा-मकरेडा मार्ग, पीसांगन-नेवडिया मार्ग एवं पीसांगन में सड़कों की मरम्मत व पेचवर्क के कार्याें की जानकारी ली। जिस पर अधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़कों पर पेचवर्क का कार्य शीघ्र किया जाएगा। क्षेत्र के 1676 किलोमीटर मार्ग में से 727 किलोमीटर मार्ग पर पेचवर्क व मरम्मत कार्य किया जा चुका है। 406 किलोमीटर मार्ग पर पेचवर्क व मरम्मत कार्य शेष है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के कुल 1980 हैंडपम्प में से 391 हैंडपम्प सूखे हैं जिन्हें हटाया जाना है। उन्होंने बताया कि लमाना-जेठाना मार्ग पर रोड कटिंग हेतु एन.एच.ए.आई. से स्वीकृति नहीं मिल पा रही है। जिस पर कलक्टर डॉ. मलिक ने एन.एच.ए.आई. से स्वीकृति हेतु बात कर समस्या के निस्तारण की बात कही।
चिकित्सा विभाग के अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में 16 पीएचसी है जिनमें से 5 पीएचसी में डॉक्टर नही है। पीसांगन अस्पताल में महिला चिकित्सक की मांग भी बनी रहती है। ब्लॉक जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रम में प्रथम स्थान पर है एवं संस्थागत प्रसव के तहत तीसरे स्थान पर है। पीसांगन थानाधिकारी श्री अरविंद ने पुलिस क्वार्टस के निर्माण हेतु पांच बीघा जमीन आवंटित करने की मांग प्रस्तुत की। जिस पर जिला कलक्टर डॉ. मलिक ने चिकित्सकों की कमी की समस्या का समाधान करने की बात कही एवं पुलिस क्वार्टस हेतु जमीन आवंटन के संबंध में तहसीलदार को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, भवनहीन विद्यालयों, मिड-डे मील की स्थिति, राशन की दुकानों आदि के बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली एवं निर्देश प्रदान किए।
भडसूरी ग्राम पंचायत सरपंच बलदेव ने सड़कों मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य के बारे में एवं रामपुरा डाबला ग्राम पंचायत सरपंच चेनाराम चौधरी ने आबादी विस्तार हेतु भूमि आवंटन की मांग प्रस्तुत की। जिस पर जिला कलक्टर डॉ. मलिक ने उक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पंचायत समिति के राजीव गांधी केन्द्र में वीडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से अन्य पंचायत समितियों में विकास कार्यो की प्रगति के संबंध में जानकारी ली एवं निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री किशोर कुमार, ग्राम विकास अधिकारी गौतम राम चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।