ब्यावर, 6 दिसंबर। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पूज्य रमेश भाई ओझा ‘भाईश्रीÓ आगामी 10 दिसंबर को जगद्गुरु शंकराचार्य निरंजनदेव तीर्थ की धार्मिक नगरी ब्यावर में पधारेंगे। वे यहां पहली बार विशाल स्तर पर आयोजित होने वाली संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। आयोजक माणकचंद जिंदल ने बताया कि आगामी 11 से 18 दिसंबर तक भागवत ज्ञान महोत्सव का आयोजन होगा। श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव समिति की ओर से अजमेर रोड स्थित नारायण आश्रम में दोपहर 2.30 बजे से सायं 6.30 बजे तक कथा होगी। आयोजन को लेकर 7 दिसंबर रविवार को दोपहर 3 बजे कथास्थल नारायण आश्रम में समिति की बैठक होगी। इसमें कथा की तैयारियों को अंतिम रूप देने की चर्चा की जाएगी। कथास्थल पर भव्य पांडाल का निर्माण कार्य जारी है। कथा के शुभारंभ से पूर्व 11 दिसंबर को शहर में कलश व शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह शोभायात्रा प्रात: 8.30 बजे सुभाष उद्यान से प्रारंभ होकर गाजे-बाजे के बीच मुख्य मार्गों से गुजरते हुए कथास्थल पहुंचेगी। श्रोताओं को आमंत्रण पत्र के जरिए कथा में आने का न्यौता दिया जा रहा है।
Sumit Saraswat