अजमेर, 13 अगस्त। स्वाधीनता दिवस 2026 का मुख्य जिला स्तरीय समारोह शनिवार 15 अगस्त को पुलिस लाईन मैदान में प्रातः 9.05 बजे होगा। यहां उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ध्वजारोहण करेंगी। समारोह स्थल में आमजन के लिए भी स्थान आरक्षित किया गया है। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने अधिकतम व्यक्तियों से सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
पूर्व सन्ध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
अजमेर, 13 अगस्त। स्वाधीनता दिवस 2026 की पूर्व सन्ध्या के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविन्द नारायण शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वाधीनता दिवस की पूर्व सन्ध्या पर शुक्रवार 14 अगस्त को सायं 6.30 बजे जवाहर रंगमंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।
संभागीय आयुक्त एवं जिला कलक्टर कार्यालय में होगा ध्वजारोहण
अजमेर, 13 अगस्त। स्वाधीनता दिवस-2025 के अवसर पर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ द्वारा प्रातः 8.00 बजे निवास पर तथा प्रातः 8.45 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय में झंडारोहण किया जाएगा। यह जानकारी संयुक्त निदेश श्रीमती पुष्पा सिंह मेहरा ने दी। इसी प्रकार अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु द्वारा प्रातः 7.45 बजे निवास स्थान पर, प्रातः 8 बजे अजमेर विकास प्राधिकरण कार्यालय पर, प्रातः 8.15 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय तथा प्रातः 8.30 बजे जिला परिषद कार्यालय में झंडारोहण किया जाएगा।