जनवरी तक उपलब्ध होंगे 142 जिला शिक्षा अधिकारी-देवनानी

शिक्षा मंत्री ने कहा, राज्य सरकार के एक साल में प्रदेश एवं जिले का हुआ विकास

वासुदेव देवनानी
वासुदेव देवनानी

अजमेर। शिक्षा मंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में पिछले एक साल में प्रदेश एवं जिले का सर्वांगीण विकास हुआ है। राज्य में शिक्षा विभाग ने खूब तरक्की की है। प्रदेश के विद्यालय एवं कार्यालयों में रिक्त पदों की समस्या भी जल्द ही हल कर ली जाएगी। आगामी दिनों में राज्य सरकार शिक्षक भर्ती के लिए रीट परीक्षा का आयोजन करेगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं उप निदेशक के रिक्त पद भी शीघ्र भर लिए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस एक साल के दौरान प्रदेश एवं जिले का चंहुमुखी विकास हुआ है।
श्री देवनानी ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती के लिए एक ही परीक्षा का वादा किया था। शिक्षक भर्ती के लिए रीट परीक्षा का आयोजन जल्द किया जाएगा। सरकार शिक्षा में गुणवत्ता के लिए सतत् प्रयत्नशील है। प्रदेश के ढ़ाई हजार स्कूलों में कक्षा कक्ष एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 944 करोड़ रूपये की स्वीकृति जारी की गई है। यह निर्माण कार्य मार्च 2015 तक पूरे हो जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि विभाग में अधिकारियों की कमी को पूरा करने के भी प्रयास किए जा रहे है। पदोन्नति से पद भरने की पद भरने की प्रक्रिया के तहत जनवरी 2015 तक 142 जिला शिक्षाधिकारी राज्य सरकार को उपलब्ध हो जाएंगे। इसी तरह अप्रेल तक शिक्षा उप निदेशक भी विभाग को मिल जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा तृतीय से द्घितीय श्रेणी अध्यापक पदों की पदोन्नति के लिए प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। आगामी कुछ दिनों में 10 हजार 500 पदोन्नत शिक्षक विभाग को मिल जाएंगे। इसी तरह 5 हजार व्याख्याता भी पदोन्नति से मिलेंगे। राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती से भी 9 हजार 500 शिक्षक विभाग को मिलेंगे। बड़ी संख्या में रिक्त पद भर लिये जाएंगे।
श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती के रूके परिणाम जारी कराने के लिए प्रयत्नशील है। स्कूल स्तर पर शिक्षण गुणवता बढ़ाने के लिए विभिन्न कक्षाओं में आंतरिक मूल्यांकन तथा आठवी कक्षा में वैकल्पिक बोर्ड परीक्षा का विकल्प दिया गया है। इस वर्ष आठवी वैकल्पिक बोर्ड परीक्षा के लिए 10 लाख 11 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम में संशोधन के लिए भी कवायद जारी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वच्छता के प्रति पूरी गंभीरता से काम कर रही है। राज्य के विद्यालयों में सफाई के लिए साढे 37 करोड रूपये का बजट जारी किया गया है। वर्ष 2015 तक प्रदेश का एक भी विद्यालय शौचालय विहीन नहीं रहेगा। इसके लिए केन्द्र सरकार, राज्य सरकार एवं कॉरपोरेट जगत के साथ मिलकर कवायद की जा रही है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शारदे आवासीय कन्या विद्यालयों में रहने वाली बालिकाओं के विकास एवं उन्हें बेहतर भोजन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रति बालिका अनुदान 1350 रूपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 130 छात्रावासों में 2 लाख 50 हजार रूपये प्रति छात्रावास का अनुदान बुनियादी सुविधाएं जुटाने के लिए दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक में एक मॉडल विद्यालय बनाया जा रहा है। अब तक 71 मॉडल विद्यालय बन गए हैं। अजमेर में मसूदा ब्लॉक में मॉडल विद्यालय बनाया गया है। इन मॉडल विद्यालयों में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की पढ़ाई कराई जाएगी। साथ ही इनमें व्यवसायिक पाठ्यक्रम भी चलाएं जाएंगे ताकि विद्यार्थी रोजगार के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।
श्री देवनानी ने कहा कि प्रदेश में पंचायत स्तर पर आदर्श स्कूल विकसित किए जाएंगे। इन आदर्श स्कूलों में सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। अगले शैक्षणिक सत्र से इनमें पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर शिक्षण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे स्वंय प्रत्येक जिले में जाकर शिक्षा संवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। इन शिक्षा संवाद कार्यक्रमों में अधिकारी व जन प्रतिनिधि शामिल होते हैं तथा शिक्षा से जुडी विभिन्न समस्याओं का मौंके पर ही निस्तारण किया जाता है।

अजमेर का भी खूब हुआ विकास
शिक्षा मंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में पिछले एक वर्ष में अजमेर जिले का खूब विकास हुआ है। अजमेर को स्मार्ट सिटी व हेरीटेज सिटी घोषित किया गया है। संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में हाल ही में हृदय रोग विभाग में आई.सी.यू. की शुरूआत की गई है। इसी तरह कॉर्डियोथोरेसिक एवं सामान्य आई.सी.यू. की सुविधा में भी सुधार हुआ है। एक करोड़ रूपये की लागत से फॉयसागर जाने वाली मुख्य सड़क का निर्माण किया गया है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है। इसी तरह कोटडा में भी सड़क का निर्माण किया गया है।
उन्होंने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा रीजनल कॉलेज के सामने आनासागर की पाल पर पाथ-वे का निर्माण किया जा रहा है। अन्य विकास कार्य भी जारी है। इस अवसर पर श्री देवनानी के साथ अध्यक्ष श्री अरविन्द यादव, प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत एवं पार्षद श्री नीरज जैन भी उपस्थित थे।
बोराज, हाथीखेड़ा, अजयसर की पेयजल योजना के लिए 8 करोड़ रूपये स्वीकृति,

शिक्षा मंत्री का अभिनन्दन
अजमेर। राज्य सरकार ने बोराज, हाथीखेड़ा व अजयसर ग्राम की पेयजल योजना के लिए 8 करोड़ रूपये की स्वीकृति जारी की है। इन गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री श्री वासुदेव देवनानी का उनके निवास पर अभिनन्दन किया।
शिक्षा मंत्री श्री देवनानी ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी से उनके द्वारा किए गए अनुरोध पर अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के इन तीनों गांवों में पाईप लाईन डालने के लिए 8 करोड़ 4 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की है। पाईप लाईन से जुडऩे के पश्चात् इन तीनों गांव के नागरिकों को घरों में पीने के पानी के कनेक्शन मिल जाएंगे।
शुक्रवार सायं श्री देवनानी के निवास पर ग्रामीणों ने उनका अभिनन्दन किया। अजयसर सरपंच श्री भंवर सिंह चौहान एवं हाथीखेड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच श्री रतन सिंह रावत के नेतृत्व में आए ग्रामीणों ने श्री देवनानी को माला पहनाई व मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। ग्रामीणों ने दशकों पुरानी मांग पूरी कराने पर श्री देवनानी का आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!