विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने दी 12 करोड़ रूपए की सड़क की सौगात
लक्की चौराहे से खरेखड़ी तक बनेगी चौड़ी सड़क
चामुण्डा चौराहे से वरूण सागर तक सड़क के लिए 7.11 करोड़ रूपए मंजूर
खरेखड़ी से सावित्री मंदिर तक सड़क के लिए एडीए ने पहले ही दे रखी है मंजूरी
अजमेर, 27 सितम्बर। अजमेर के विकास और पुष्कर तक वैकल्पिक मार्ग की दिशा में रविवार को एक अहम प्रगति हुई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने वरूण सागर लक्की चौराहा से खरेखड़ी तक 12 करोड़ रूपए लागत की सड़क की नींव रखी। उन्होंने कहा कि पुष्कर तक जाने का एक नया और उन्नत वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। पुष्कर जाने वाले लोग अब घाटी के साथ ही इस मार्ग का भी उपयोग कर सकेंगे। चामुण्डा चौराहे से वरूण सागर और खरेखड़ी से सावित्री मंदिर तक सड़क चौडाईकरण के कार्य को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। इन कार्य के पूर्ण होने पर रिंग रोड़ की राह में यह एक अहम कदम होगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को खरेखड़ी रोड स्थित लक्की तिराहा पर आयोजित कार्यक्रम में 12 करोड़ रूपए की लागत से वरूण सागर-खरेखड़ी-पुष्कर रोड एवं वरूण सागर-अजमेर रोड के सड़क निर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ाईकरण कार्य का शुभारम्भ किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने काजीपुरा लक्की चौराहे स्थित गली नम्बर एक में बरमा टेंट हाउस से सोनू स्वामी एवं दिलीप सिंह के मकान तक 15 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारम्भ किया। यह दोनों सड़के सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनवाई जाएगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री वासुदेव देवनानी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि लगभग 15 वर्ष पूर्व जब परिसीमन हुआ था जब यह क्षेत्र उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जुड़ा। तब मैंने कहा था कि यह गांव मेरे गांव है और इन्हें आगामी 15 वर्षों में इन सब गांव को शहर के बराबर विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र में हजारों-करोड़ों रूपए के विकास कार्य करवाए गए है। आस-पास के वार्डों को मिलाकर इस क्षेत्र में लगभग 81 करोड़ रूपए के कार्य चल रहे है।
श्री देवनानी ने कहा कि चामुण्डा चौराहे से वरूण सागर के गेट तक, वरूण सागर-लक्की चौराहा-खरेखड़ी तक और अंत में खरेखड़ी से सावित्री माता तक यह सड़क कार्य पूर्ण हो जाएगा। इससे पुष्कर तक आने-जाने के लिए एक नया और उन्नत वैकल्पिक मार्ग शहरवासिायों को मिलेगा। पुष्कर जाने वाले लोग अब घाटी के साथ ही इस मार्ग का भी उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आनासागर पुलिस चौकी से चामुण्डा चौराहे तक भी सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी प्रारम्भ करेंगे। अजमेर की आदर्श सड़कों में यह सड़क सम्मिलित होगी। यह सड़क अजमेर के रिंड़ रोड़ बनने की राह में एक अहम कड़ी साबित होगी। इससे आसपास के गांवों का शहर से सम्पर्क भी बेहतर होगा तथा आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि वरूण सागर की डी-सील्टिंग, सौन्दर्यीकरण एवं विकास के 31 करोड़ रूपए के कार्य प्रगतिरत है। अगले महीने वरूण सागर की मूर्ति स्थापित करने का कार्य भी पूरा हो जाएगा। डी-सील्टिंग से वरूण सागर की जलभराव क्षमता बढ़ने से इसका पानी खेती के साथ-साथ पेयजल के लिए भी उपयोग में लिया जा सकेगा। यहां 3 करोड़ रूपए की लागत से 5 एमएलडी क्षमता का एसटीपी प्लांट बनावाया जा रहा है। नगर निगम से जुड़े इस क्षेत्र में हजारों स्ट्रीट लाईटे लगवाई जा चुकी है। विधानसभा क्षेत्र की टेल हेंड तक पानी की पाईप लाईन बिछाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यहीं पास ही काजीपुरा में 18 करोड़ की लागत से लेपर्ड सफारी प्रोजेक्ट का कार्य प्रगतिरत है। इसमें मुख्य द्वार, टिकट विंडो एवं ट्रैक का कार्य हो गया है। दिसम्बर के अंत तक यहां लेपर्ड देखने को मिलेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वरूण सागर से सटकर सुरक्षा दीवार एवं वरूण सागर से चामुण्डा चौराहे तक 7 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण, डिवाइडर, दोनो साईड नाली निर्माण के साथ-साथ सड़क चौडाईकरण का कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। इसकी स्वीकृति पूर्व में जारी हो गई थी। आचार संहिता के कारण कार्य प्रारम्भ नहीं हो सका था।
कार्यक्रम में अजमेर नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा ने वार्डवासियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि मूलभूत सुविधाओं सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, सुरक्षा एवं आवासीय पट्टों पर विशेष रूप से ध्यान देंगे। अजमेर के प्रत्येक वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाएं जाएंगे और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि विकास कार्य निरन्तर चलते रहेंगे, मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। आपकी सेवा के लिए सदैव तत्पर खड़ी रहूंगी। आमजन से अनुरोध है कि वे भी सफाई का ध्यान रखे, खाली प्लॉटों में कचरा ना डाले इससे विचरण करने वाले पशु बीमार होते है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम में जिलाध्यध्यक्ष श्री रमेश सोनी, पार्षद श्रीमती मिनाक्षी कच्छावा, श्रीमती हेमलता एवं श्री विवेक रावत, पूर्व सरपंच श्री लाल सिंह रावत, शमशेर सिंह रावत, श्री यतेन्द्र शास्त्री, श्री सुरेश, श्री शंकर, श्री बलवीर, श्री भगवान, श्री सोनू, श्री मोहन पेंटर, श्री सतीश, श्री धर्मेन्द्र, श्री सुभाष जाटव सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।