-सुमित सारस्वत- ब्यावर, 21 फरवरी। उत्तर भारत की सबसे बड़ी श्री सीमेंट कंपनी परिसर में स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर का वार्षिकोत्सव 23 से 26 फरवरी तक हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव के तहत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मनोज मेहला ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 23 फरवरी को प्रात: 10.15 बजे अखण्ड रामायण पाठ के प्रारंभ से होगा। 24 फरवरी को प्रात: 10.30 बजे अखण्ड रामायण पाठ का पारायण व 11 से 12.45 बजे तक देव स्थापना व पूजा होगी। 25 फरवरी को प्रात: 6 बजे मंगला आरती, 7 बजे शृंगार आरती, 9.30 बजे देव पूजा होगी। सायं 4 बजे से विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें हनुमानजी का विग्रह व कई आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। सभी झांकियां देव चरित्रों पर आधारित होंगी। इसके अलावा सुमधुर बैंड व भजन मंडलियां भी कीर्तन करेंगी। शोभायात्रा के समापन पश्चात् सायं 7 बजे संध्या आरती होगी।

कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि 26 फरवरी को प्रात: 5.30 बजे प्रभातफेरी, 6 बजे मंगला आरती, 7 बजे खेलकूद, 7.15 बजे शृंगार आरती, 9.30 बजे अभिषेक होगा। प्रात: 11.30 बजे हवन के साथ पूर्णाहुति होगी। रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह संगीत की सुमधुर स्वर लहरियों के बीच प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम के लिए कंपनी की ओर से निमंत्रण पत्र बांटकर अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रवेश कार्ड के जरिए ही संभव हो सकेगा।