माकड़वाली से नागौर हाईवे तक 14.57 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क- श्री देवनानी

विधानसभा अध्यक्ष ने भैरूवाड़ा तिराहे से नागौर हाईवे तक सड़क निर्माण कार्य का किया शुभारम्भ

अजमेर, 27 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर के प्रमुख मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर सड़क विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और आमजन को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। माकड़वाली क्षेत्र को भी आने वाले समय में आईटी एवं औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी शुक्रवार को माकड़वाली के भैरूवाड़ा तिराहे से नागौर हाईवे तक बनने वाली सड़क निर्माण कार्य के शुभारम्भ समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह 6 लेन सड़क का निर्माण अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा 14.57 करोड़ रुपये की लागत से करवाया जाएगा। इसके दोनों तरफ ड्रेनेज, डिवाईडर व फुटपाथ निर्माण कार्य भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि माकड़वाली एवं आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक 200 फीट चौड़ी मास्टर प्लान सड़क विकसित की जाएगी। इसके कार्यादेश भी जारी हो चुके हैं। इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से नौसर घाटी से माकड़वाली होते हुए पुष्कर-नागौर हाईवे तक आवागमन के लिए नया मार्ग उपलब्ध होगा। इसी प्रकार पुष्कर घाटी के वैकल्पिक मार्ग के रूप में वरुण सागर से पुष्कर मार्ग के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से शहर के प्रमुख मार्गों के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

श्री देवनानी ने कहा कि माकड़वाली को भविष्य में आईटी एवं औद्योगिक गतिविधियों के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। यहां 80 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक आईटी पार्क बनाया जा रहा है। इसके समीप 114 बीघा भूमि पर वृहद इंडस्टि्रयल एरिया भी विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि माकड़वाली क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्टेडियम का निर्माण करवाया जा रहा है। लगभग 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम खेल प्रतियोगिताओं के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी उपयोगी होगा। वहीं, 28 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 1400 से अधिक व्यक्तियों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट एवं आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस विकसित किए जाएंगे।

श्री देवनानी ने कहा कि पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क भी विकसित किया जा रहा है। इसमें ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम, एग्जीबिशन हॉल एवं सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से माकड़वाली में नवसृजित पुलिस चौकी की शुरूआत की गई।

कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, माकड़वाली सरपंच श्रीमती काली गुर्जर, पार्षद श्री सतीश बंसल, श्री कुमार लालवानी, श्री रमेश चेलानी, श्री विनोद डीडवानिया, श्री उदयवीर सिंह, श्री विकास लालवानी, श्री दरियाव सिंह, श्री रामकिशोर जोशी, श्री देवेश मालू एवं मंडल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा सहित जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!