हाईकोर्ट के आदेशों की पालना नहीं होने का आरोप, दीपावली से पहले प्रशिक्षकों को रोजगार से वंचित करने और लंबित वेतन पर संघर्ष समिति ने उठाए सवाल
अजमेर । राजस्थान में व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक गंभीर विरोधाभास सामने आया है। एक तरफ राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद द्वारा विद्यार्थियों में कौशल विकास के उद्देश्य से कौशल बोध कार्यक्रम एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में कौशल शिक्षा देने वाले लगभग 2500 व्यावसायिक प्रशिक्षकों को दीपावली से ठीक पहले बेरोजगारी के संकट में छोड़ दिया गया।
व्यावसायिक प्रशिक्षक संघर्ष समिति ने सवाल उठाया है कि जब सरकार कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है, तो विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल सिखाने वाले अनुभवी प्रशिक्षकों के रोजगार की सुरक्षा क्यों सुनिश्चित नहीं की जा रही है?
समिति के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को लगभग 2500 व्यावसायिक प्रशिक्षकों का टेंडर समाप्त हो गया। इससे प्रशिक्षकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया। समिति का आरोप है कि माननीय उच्च न्यायालय द्वारा प्रशिक्षकों को कंटिन्यू रखने के संबंध में आदेश पारित किए जाने के बावजूद विभाग द्वारा आदेशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित नहीं की गई।
5000 प्रशिक्षक 6 से 12 माह के वेतन को तरसे
समिति के जिला अध्यक्ष आर एन रावत ने बताया कि प्रदेश में लगभग 5000 व्यावसायिक प्रशिक्षकों का 6 से 12 माह तक का मानदेय विभिन्न एजेंसियों के पास लंबित है। समय पर वेतन नहीं मिलने के कारण हजारों प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद लंबित वेतन का भुगतान नहीं करने वाली VTP एजेंसियों को फिर से टेंडर प्रक्रिया में शामिल करने की कोशिशों पर समिति ने सवाल उठाए हैं।
कौशल बोध कार्यक्रम और प्रशिक्षकों की बेरोजगारी पर उठाए सवाल
समिति ने कहा कि यह समझ से परे है कि एक ओर विभाग कौशल बोध कार्यक्रम आयोजित कर कौशल शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कौशल शिक्षा को धरातल पर लागू करने वाले प्रशिक्षकों को ही रोजगार से वंचित किया जा रहा है। जब विद्यालयों में व्यावसायिक प्रशिक्षक उपलब्ध नहीं होंगे, तो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण कैसे मिलेगा?
समिति की प्रमुख मांगें
1. लगभग 2500 प्रशिक्षकों के मामले में माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों की तत्काल पालना करवाई जाए।
2. टेंडर एवं ठेका प्रथा के स्थान पर स्थायी एवं पारदर्शी नीति लागू की जाए।
3. व्यावसायिक प्रशिक्षकों को सेवा सुरक्षा एवं सेवाओं का स्थायित्व प्रदान किया जाए।
4. सभी विद्यालयों में पर्याप्त व्यावसायिक प्रशिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
5. लगभग 5000 प्रशिक्षकों का 6 से 12 माह का लंबित वेतन तत्काल जारी करवाया जाए।
समिति ने शिक्षा मंत्री से पूछा—कौशल सिखाने वाले ही बेरोजगार तो स्किल इंडिया मिशन कैसे होगा सफल?
व्यावसायिक प्रशिक्षक संघर्ष समिति के मुख्य संरक्षक रघुपाल सिंहने शिक्षा मंत्री महोदय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि व्यावसायिक शिक्षा केवल कागजों पर कार्यक्रम आयोजित करने से सफल नहीं होगी। इसके लिए विद्यालयों में प्रशिक्षकों की उपलब्धता, समय पर वेतन भुगतान और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
समिति के संरक्षक रघुपाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर प्रदेश के हजारों प्रशिक्षकों के परिवारों और लाखों विद्यार्थियों के कौशल विकास पर पड़ सकता है।