केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार के साथ नगर निगम में बनने वाले भाजपा बोर्ड के समन्वय से होगा शहर का विकास: देवनानी
अजमेर, 16 अगस्त 2015। स्वच्छ-सुन्दर एवं स्मार्ट सिटी की परिकल्पना को हमारे अजमेर में शीघ्र साकार करने के लिए शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कल होने वाले नगर निगम के चुनाव में शहरवासियों से भारतीय जनता पार्टी को वोट देने की अपील की है।
देवनानी ने कहा कि वर्तमान में माननीय मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्य व भ्रष्टाचारमुक्त शासन के साथ ही राजस्थान में माननीया वसुंधरा राजे जी द्वारा प्रदेशवासियों के हितार्थ लागू की गई नीतियों व योजनाओं से आमजन को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के प्यार, सहयोग व समर्थन से नगर निगम अजमेर में बनने वाले भाजपा बोर्ड के केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकारों के साथ समन्वय से निश्चित रूप से अजमेर का चहुंमुखी विकास होगा।
देवनानी ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस मेयर की अकर्मण्यता के कारण शहर की सफाई, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था बिगड़ी रही। शहर की तंग गलियों में बेलगाम अतिक्रमण होते रहे। गत विधान सभा सत्रों में कई बार मुद्दा उठाने पर भी निगम ने भू-उपयोग परिवर्तन की बैठकें समय पर नहीं बुलाई। सुभाष उद्यान, फायसागर उद्यान जैसे प्रमुख उद्यानों की बेहाली से शहरवासी ही नहीं बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी निराशा हुई। बरसों पूर्व शहर में बिछाई गई सीवरेज लाईन की सुविधा शहरवासियों को नहीं मिल सकी। आमजन को निगम से जुड़े कार्यो के लिए चक्कर पर चक्कर काटने पड़े। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस में उपर से नीचे तक भ्रष्टाचार की गंदगी व्याप्त है उसी प्रकार से नगर निगम अजमेर ने मेयर की अकर्मण्यता के कारण लगातार पांच सालों तक अजमेर को गन्दगी व भ्रष्टाचार के कीचड़ से पाट दिया।
उन्होंने शहरवासियों से नगर निगम की व्यवस्थाओं व कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अपील की कि कल मतदान अवश्य करे तथा किसी बहकावे, प्रलोभन में ना आए एवं भाजपा प्रत्याशियों को ही वोट दे ताकि नगर निगम में भाजपा का मजबूत बोर्ड बने।
देवनानी ने विभिन्न वार्डो में किया व्यक्तिगत सम्पर्क – कार्यकर्ताओं के साथ की पोलिंग की तैयारियों की समीक्षा
देवनानी ने आज प्रातः से ही अजमेर उत्तर विधान सभा क्षेत्र के समस्त वार्डो में जाकर भाजपा प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं के साथ पोलिंग के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकाधिक मतदान के लिए रणनीति बनाई।
उन्होंने आज विभिन्न वार्डो में जाकर घर-घर व्यक्तिगत सम्पर्क कर क्षेत्रवासियों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की भी अपील की। विभिन्न वार्डो में सम्पर्क के दौरान अरविन्द यादव, धर्मेन्द्र गहलोत, सुभाष काबरा, सीताराम शर्मा, तुलसी सोनी, सतीश बंसल, राजकुमार ललवानी, बाबूसिंह पंवार, तारादेवी साहू, दीपक शर्मा, गंगाराम सैनी, शेखर थोरी, कुन्दन सिंह, राजू कुमावत, अशोक राठी, किशन बालानी, प्रकाश बंसल, गोविन्द बंसल, विकास शर्मा, राजू धावा, प्रकाश चैरसिया, प्रदीप लखन, सुलोचना शुक्ला आदि भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में देवनानी के साथ थे।