दीपक कुमार दासगुप्ता
उस रोज टेलीविजन पर दिखाई जा रही वह खबर सचमुच स्तब्ध करने वाली थी। जिसमें दिखाया जा रहा था कि दिल्ली में संपति के लालच में एक मां अपने ही मासूम बेटे को सीढ़ियों से नीचे फेंक रही थी। सीसीटीवी कैमरे ने उसकी कारस्तानी पकड़ ली और यह दुनिया के सामने आ गई। मुझे लगा कि क्या यह बदलते जमाने का प्रभाव है या महिला मानसिक रूप से बीमार।जिसके चलते उसने ममता को कलंकित करने का ऐसा अप्रत्याशित कार्य किया। लेकिन सच्चाई यही है कि माता ही संतान की असली पहचान है। क्योंकि केवल इंसान ही नहीं बल्कि सृष्टि का हर जीव – जंतु व कीट – पतंग तक माता से जन्म लेते और उनकी कृपा से ही इस संसार में विचरण का सौभाग्य प्राप्त करते हैं। इसलिए हमारे सामाजिक व्यवस्था को माता को अलग स्थान देना निहायत ही जरूरी है। अच्छी बात है कि फिलहाल बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र में पिता के साथ माता के नाम का उल्लेख भी अनिवार्य हो गया है। लेकिन हर व्यक्ति के साथ माता की पहचान को यही तक सीमित नहीं रखना चाहिए। व्यक्ति के हर तरह के प्रमाण व पहचान पत्र में माता का नाम अनिवार्य रूप से होना चाहिए। एक तरह से माता के नाम से ही संतान की पहचान सुनिश्चित होनी चाहिए। बल्कि इसका दायरा और अधिक व्यापक होना चाहिए। व्यक्ति से जुड़े हर मामले में माता को ही सर्वोच्च स्थान कानूनी तौर पर भी मिलना चाहिए। जिसकी कल्पना हर युग में की जाती रही है। क्योंकि इसके बगैर एक स्वस्थ समाज की संरचना संभव ही नहीं है। किसी भी व्यक्ति की पहचान को उसकी माता के नाम के साथ जोड़ा जाना चाहिए। यह एक तरह से पितृ सत्तात्मक व्यवस्था के समक्ष एक चुनौती है। क्योंकि देखा गया है कि इस व्यवस्था में अब तक महिलाओं का काफी शोषण हो चुका है। समाज और परिवार के लिए पूरा योगदान देने के बावजूद समाज में माता और नारी का स्थान लगभग नगण्य रहा है। नई व्यवस्था से स्थिति देखते ही देखते पलट सकती है और हम नारी सशक्तिकरण का जो स्वपन अब देखते आए हैं उसे जल्द ही साकार होता भी देख सकेंगे। स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्राथमिक स्कूलों से ही बच्चों में संस्कार खास तौर से माता के महत्व को महिमांडित करने वाले पाट्यक्रम बच्चों को पढ़ाया जाना चाहिए। जिससे बच्चे माता के महत्व से परिचित हो सकें।
लेखक प्रख्यात ज्योतिषी व भविष्यवक्ता हैं।
पताः मलिंचा , बालाजी मंदिर पल्ली, खड़गपुर (प.बंगाल ) 721304, जिला ः पश्चिम मेदिनीपुर
मोबाइलः 9332024000