एचपी को पछाड़ लेनोवो नंबर वन

चीन की कंप्यूटर निर्माता लेनोवो अमेरिकी कंपनी एचपी को पछाड़ दुनिया की नंबर एक कंप्यूटर कंपनी बन गई है। जुलाई-सितंबर तिमाही में लेनोवो की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 15.7 फीसद हो गई, जबकि हेवलेट पैकर्ड [एचपी] की हिस्सेदारी इस दौरान 15.5 फीसद रही।

शोध फर्म गार्टनर के मुताबिक चालू वर्ष की इस तिमाही में लेनोवो ने दुनिया भर में 1.37 करोड़ कंप्यूटर बेचे। वहीं एचपी की बिक्री 1.35 इकाई रही। एक अन्य शोध फर्म आइडीसी के मुताबिक इस तिमाही में लेनोवो की बाजार हिस्सेदारी 15.9 फीसद रही है और कंपनी ने कुल 1.39 करोड़ कंप्यूटर बेचे। इसकी तुलना में एचपी ने 15.7 फीसद हिस्सेदारी के साथ 1.38 करोड़ कंप्यूटर बेचे।

गार्टनर ने एक बयान में कहा कि नए वेंडर हासिल करने के अलावा लेनोवो ने कीमतों को लेकर भी आक्रामक रुख अख्तियार किया है। इससे पिछले दो साल में लेनोवो की बाजार हिस्सेदारी में खासी वृद्धि हुई है। एचपी ने वर्ष 2006 के बाद पहली बार बाजार हिस्सेदारी में अपना शीर्ष स्थान गंवाया है। एचपी अपने पीसी, टैबलेट और प्रिंटर सहित पूरे डिवाइस कारोबार का पुनर्गठन कर रही है। कंपनी अपनी बाजार हिस्सेदारी और मुनाफे में संतुलन बनाने पर जोर दे रही है।

आइडीसी के मुताबिक बीती तिमाही में वैश्विक स्तर पर निजी कंप्यूटरों [पीसी] की बिक्री में 8.6 फीसद की कमी आई है। पिछले साल के 9.60 करोड़ कंप्यूटरों की बिक्री के मुकाबले इस साल की तीसरी तिमाही में केवल 8.77 करोड़ पीसी बिके हैं। आइडीसी व‌र्ल्डवाइड पीसी ट्रैकर के वरिष्ठ शोध विशेषज्ञ जे चो का कहना है कि पीसी बिक्री में तेजी से गिरावट आ रही है। दूसरी तिमाही के मुकाबले तीसरी तिमाही में हालात और खराब हुए हैं। अल्ट्राबुक की कीमतों में लगातार कमी आने से भी पीसी बाजार को चुनौती मिल रही है।

error: Content is protected !!