अब तक अवैध 88 डेयरियां चिन्हित; एफआईआर दर्ज

bikaner samacharबीकानेर, 14 सितम्बर 2017। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण सतर्कता समिति की बैठक गुरूवार को अटल सेवा केन्द्र सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 18 प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया, इनमें से 2 प्रकरणों को निस्तारित करते हुए, शेष प्रकरणों के समय पर निस्तारण के निर्देश दिए गए।

समिति के समक्ष प्रस्तुत, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरलाई तलाई, धरनोक की अध्यापिका के वार्षिक वेतनवृद्धि व चयनित वेतनमान दिलवाने तथा जस्सुसर गेट के बाहर स्थित रियासतकालीन आवासीय भूखण्ड का जमाशुदा राशि का फ्री होल्ड पट्टा जारी करवाने के लम्बित प्रकरणों के संबंध में बताया गया कि इनका निस्तारण कर दिया गया है। अवैध दुग्ध डेयरियों व पशुपालन व्यवसाय को शहर से बाहर स्थानान्तरित करने की मांग पर निगम उपायुक्त ने बताया कि इस सम्बन्ध में अवैध डेयरियों को चिन्हित करते हुए अब तक 88 के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई है व शेष पर कार्यवाही की जा रही है। ग्राम उदयरामसर की ग्रीन बैल्ट में अवस्थित अराजीराज कृषि व अनुसूचित जाति वर्ग की जमीनों पर अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित करने के प्रकरण पर बताया गया कि इस संबंध में टीम गठित कर संयुक्त सर्वे कार्य कर लिया गया है, साथ ही कुछ खसरों के प्रकरण विधिक प्रक्रियाधीन हैं। सेठिया क्वार्टर्स में हुए अनाधिकृत अतिक्रमण हटाने के प्रकरण में निगम अधिकारियों ने बताया कि इस सम्बन्ध में संयुक्त कमेटी का गठन किया गया है, साथ ही प्रार्थी को नक्शा उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया है। नोखा से नागौर की ओर जाने वाली 7 किलोमीटर तक की एनएच 89 सड़क का डामरीकरण करवाने के संबंध में बताया गया कि यह कार्य इस माह में पूर्ण हो जाएगा।

बैठक में पूगल के चक 2 एएमआर में स्थित खातेदारी भूमि से श्मशान व हाडारोड़ी हटवाने, ग्राम उदासर में पानी की बेहतर सप्लाई व्यवस्था करवाने, रिड़मलसर पुरोहितान के एक खसरे में डवलपर द्वारा आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाने, फड़बाजार की क्षतिग्रस्त सड़क को दुबारा बनवाने, शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान, कोलायत निवासी द्वारा शिक्षा विभाग से सेवानिवृृत्ति के बाद जीपीएफ व एसआई भुगतान नहीं मिलने, लालमदेसर बड़ा निवासी द्वारा अंतकाल दर्ज करवाने, मुरलीधर व्यास नगर निवासी का भूखण्ड पर कब्जा दिलवाने, मोडायत कोलायत के पूर्व विद्यार्थी मित्र को वेतन दिलवाने, पंचशती सर्किल क्षेत्र में सड़क पर हो रहे अतिक्रमण व अवैध निर्माण को हटवाने की शिकायतों पर देवड़ा ने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान समिति सदस्य मनोज सेठिया ने गांव उदासर में नहर का पानी पूरा उपलब्ध कराने व ग्राम पंचायत सहायक पद पर चयनित को नियुक्ति दिलाने, पुरानी गजनेर रोड फड़बाजार चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरूस्त करवाने, जिले में नकली घी, मिर्च-मसाले व मावे में मिलावट के कारोबार पर अंकुश लगाने, ग्राम बामनवाली में गौरवपथ पूर्ण करवाने, केशरदेसर जाटान में दो नये ट्यूबवेल बनवाने आदि मांगें रखीं, जिस पर देवड़ा ने इन प्रकरणों को सतर्कता समिति की आगामी बैठक में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर समिति सदस्य अरविन्द किशोर आचार्य, मनोज सेठिया, ओमप्रकाश नायक, निगम उपायुक्त राष्ट्रदीप यादव, सहायक निदेशक लोकसेवाएं बिंदु खत्री, एसीपी सत्येन्द्र सिंह, सीएमएचओ डॉ देवेन्द्र चौधरी, सानिवि अधीक्षण अभियंता बसंत आचार्य, एडीइओ भूपसिंह, न्यास तहसीलदार अशोक अग्रवाल, मनीष श्रीमाली सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!