रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों का दहन

20170930_191930बीकानेर, 30 सितम्बर। डॉ.करणी सिंह स्टेडियम, मेडिकल कॉलेज मैदान, धरणीधर व जस्सूसर गेट व भीनासर तथा शहर में अनेक मोहल्लों व कॉलोनियों में असत्य के प्रतीक रावण के पुतले का दहन नायाब आतिशबाजी के साथ किया गया। भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों से संबंधित झांकियां निकाली गई। झांकियों व रावण दहन के उत्सव को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा तथा जयश्री राम के उद्घोष व करतल ध्वनि से नायाब आतिशबाजी का लुत्फ उठाया।
मेडिकल कॉलेज मैदान में लगातार 14 वें वर्ष श्री राम लक्ष्मण दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित उत्सव में केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास,गंगापुनर्राद्धार तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, महापौर नारायण चौपड़ा, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह ने रिमोट के जरिए रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों तथा लंका का दहन किया। रावणादि के पुतलों के दहन के समय समूचा मेडिकल कॉलेज मैदान भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। समारोह में पूर्व महापौर हाजी मकसूद अहमद, पूर्व पार्षद जनार्दन कल्ला, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र, सी.आई. मनोज, आनंद सहित अनेक पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, जन प्रतिनिधि, पार्षद राजा सेवग, पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, जिला उ़द्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पच्चीसिया, पंजाबी महासभा के अध्यक्ष नरेश चुग, श्री वैष्णोधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश खिवाणी, बीकानेर जिला माहेश्वरी युवा संस्थान के अध्यक्ष जुगल राठी, बी.जी.टी.के. के एम.डी. राजेश मुंजाल व कॉन्सेप्ट के एम.डी.भूपेन्द्र मिढ्ढा, सहित गणमान्य नागरिक, जन प्रतिनिधि,प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।
समारोह स्थल पर विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। अतिथियों को श्री रामलक्ष्मण दशहरा कमेटी के महासचिव सुभाष भोला, उपाध्यक्ष हंसराज डागा, उत्सव संयोजक राम अरोड़ा, संरक्षक भगवान दास चांदना, नरेश चुग, गौतम लाल खिवाणी, कोषाध्यक्ष गिरीश खत्री, झांकी प्रभारी अनिल दुल्यानी, शेखर सोनी, ग्राउंड प्रभारी हेमंत कुमार गोरवाणी व महादेव बालानी, कमेटी के ने स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
मेडिकल कॉलेज मैदान में कानून एवं व्यवस्था को संधारित करने के लिए अतिरिक्त कलक्टर यशवंत भाकर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र के निर्देशन में 5 इंस्पेक्टर, डी.एस.पी.दो सी.आई., ट्रेफिक व सामान्य पुलिस के 220 कार्मिक तैनात थे।
झांकियों में पहली बार युवतियां शामिल-श्रीराम लक्ष्मण दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित झांकियों में बीकानेर के दशहरा झांकियों के इतिहास में पहली बार 5युवतियों ने विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाई। कमेटी के महासचिव सुभाष भोला ने बताया कि दिव्या शेखावत, मोना देवड़ा, आरती देवड़ा, कृष्णा व पूजा मीणा ने देवी दुर्गा, लक्ष्मी,सीता आदि पात्रों का स्वरूप धारण किया। इनके अलावा झांकियों में बाबा रामदेवजी कन्हैयालाल रंगा ने, लकांपति रावण की शेखर सोनी ने, श्रीराम की आशीष खत्री, लक्ष्मण की कपिल भटनागर, मेघनाद का दीपक तनेजा, कुंभकरण का गणेश पांड,हनुमान का विवेक डावडा, नीलाम्बर राम का मन मोहन कोठारी, नवरतन देवड़ा, मोनू देवड़ा अखिलेश चौधरी, रोहित शर्मा, राजीव नैयर, विजय भार्गव, किशन लाल व्यास व नवीन खत्रा व किशन लाल मोदी ने शिव पार्वती, अष्टभुजावाली माता, वनवासी राम, लक्ष्मण, श्री गणेश व विष्णु दरबार में विभिन्न पात्रों के स्वरूप धारण किए। झांकी में राक्षस, विभिन्न आयु वर्ग के हनुमान, दो घोड़ों की बग्गी, सजे संवरे घोड़ों पर सवार राजा दशरथ के पुत्र आदि आकर्षण का केन्द्र थे। झांकी के पात्रों के साथ उपस्थित जनता ने सेल्फी लेकर कलाकारों का हौसला अफजाई किया। झांकियों में रूप सज्जा वरिष्ठ रंगकर्मी कमल अनुरागी, ओम राखेचा, संजय व्यास, हीरा सोनी,जितेन्द्र शर्मा व देव किशन व्यास की थी। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा व सुश्री एल.शर्मा ने करते हुए उत्सव की जानकारी दी।
दशहरा कमेटी के महासचिव सुभाष भोला ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर विकास न्यास, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, मेडिकल कौलेज के प्राचार्य, श्रीराम लक्ष्मण दशहरा कमेटी के पदाधिकारियों व परोक्ष-अपरोक्ष रूप से सहयोग करने वालों और विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग करने वालों तथा पूर्व राजमाता सुशीला कुमारी का आभार व्यक्त किए।

डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास,गंगापुनर्राद्धार तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, पुलिस महानिरीक्षक विपिन पांडेय, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता, पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला, पूर्व महापौर भवानी शंकर शर्मा अतिथि के रूप में शामिल हुए।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!