जोधपुर 8 नवम्बर। अखिल भारतीय साहित्य परिषद राजस्थान के तत्वावधान में कथेतर गद्य विधाओं पर दो दिवसीय कार्यशाला आज गुरुवार 9 नवम्बर से आरम्भ होगी।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद जोधपुर के संयोजक डॉ. रामवीरसिंह ने बताया कि गुरुवार 9 नवम्बर को दोपहर 12 बजे जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पुराना परिसर स्थित विधि संकाय के पुस्तकालय हॉल में कार्यशाला का उद्घाटन होगा जिसमें विधि संकाय की अधिष्ठाता डॉ. चंदनबाला मुख्य अतिथि होंगी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सर्जनात्मक प्रतिभा के उन्मेष एवं विकास हेतु आयोजित इस कार्यशाला के पहले दिन क्षेत्र के वरिष्ठ साहित्यकारों द्वारा संस्मरण, रेखाचित्र, निबंध, यात्रा वृत्तांत एवं लघुकथा लेखन पर प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा दूसरे दिन विद्यार्थियों की प्रतिभा के मूल्यांकन के लिए एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें विद्यार्थी अपनी पसंद की विधा पर रचनात्मक लेखन कर सकेंगे। इस प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को स्थानीय एवं राज्य स्तरीय समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। साहित्यिक कार्यशाला एवं प्रतियोगिता में सहभागिता पूर्णतः निःशुल्क है। इसमें केवल महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विभिन्न संकायों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तकर के छात्र भाग ले सकते हैं।
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मोहनलाल गुप्ता ने बताया कि जोधपुर प्रांत के जोधपुर, पाली, जालोर, सिरोही, नागौर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर तथा हनुमानगढ़ जिलों में भी दो दिवसीय कार्यशालाओं का आयोजन सम्बन्धित जिला मुख्यालयों पर किया जा रहा है जिनमें जिला मुख्यालय पर स्थित समस्त महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। इनका उद्देश्य प्रतिभावान युवाओं को लेखन की विविध विधाओं की बारीकियों को समझाना तथा प्रांत एवं देश के लिए अच्छे लेखक तैयार करना है।
– प्रोफेसर (डॉ.) रामवीरसिंह, संयोजक
9414720820