अपने ही नेताओं को डराने-धमकाने के आरोपों पर कांग्रेस का तीखा हमला: डॉ. राजकुमार जयपाल

अजमेर। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने भारतीय जनता पार्टी के कथित आंतरिक तानाशाही रवैये और पार्टी के नेताओं को दी जा रही धमकियों को लेकर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो संदेश का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को डराने-धमकाने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप बेहद गंभीर हैं।
डॉ. जयपाल ने कहा कि जो नेतृत्व अपने ही नेताओं का सम्मान नहीं कर सकता, वह आम जनता के सम्मान और अधिकारों की रक्षा कैसे करेगा? जब किसी राजनीतिक दल के निष्ठावान नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को भय के माहौल में अपनी बात रखने के लिए मजबूर होना पड़े, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो भाजपा के भीतर कथित रूप से चल रहे दबाव और असंतोष को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। सत्ता के अहंकार में अपने ही साथियों को निशाना बनाने के आरोप भाजपा के लोकतांत्रिक चरित्र पर सवालिया निशान लगाते हैं। जब वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि ही दबाव महसूस करने की बात सामने ला रहे हों, तो आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर किसके पास जाएगा?
भाजपा से आम जनता ही नहीं, अब अपने नेता भी परेशान: धर्मेंद्र राठौड़
पूर्व आरटीसी अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा से आम जनता तो पहले से ही बुरी तरह परेशान थी, अब भाजपा के नेता भी अपने ही बड़े नेताओं से परेशान नजर आ रहे हैं। स्थिति यह हो गई है कि भाजपा के नेता अपनी बात खुलकर पार्टी के मंच पर भी नहीं रख पा रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर स्थिति है।”
राठौड़ ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार होना चाहिए। यदि पार्टी के भीतर ही सवाल पूछने, असहमति व्यक्त करने और अपनी बात रखने पर डर का माहौल बनाया जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है।
धर्मेंद्र गहलोत हमारे साथी ही नहीं, हमारे वकील साथी हैं: विवेक पाराशर
अजमेर शहर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विवेक पाराशर ने पूरे मामले पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि “धर्मेंद्र गहलोत हमारे साथी ही नहीं, हमारे वकील साथी हैं। हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। किसी भी प्रकार के दबाव, अन्याय अथवा उत्पीड़न के सामने उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।”
पाराशर ने कहा कि धर्मेंद्र गहलोत लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से जुड़े रहे हैं। यदि किसी व्यक्ति को अपनी बात रखने के कारण दबाव या भय का सामना करना पड़े, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति अपराध नहीं है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है।
भाजपा के 36 साल के नगर निगम शासन का हिसाब लेगी जनता: शैलेश गुप्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अजमेर नगर निगम में भाजपा के 36 वर्षों के शासन का अब जनता को एक-एक पाई का हिसाब देना होगा। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक नगर निगम की सत्ता में रहने के बावजूद अजमेर की जनता टूटी सड़कों, पेयजल संकट, जगह-जगह गंदगी, बदहाल सफाई व्यवस्था, आवारा पशुओं के आतंक और ऐतिहासिक आनासागर की दुर्दशा जैसी समस्याओं से जूझ रही है।
गुप्ता ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर अजमेर को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन आज भी शहर बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। भाजपा को अब भाषण देने के बजाय अपने 36 वर्षों के नगर निगम शासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे और भाजपा के नगर निगम शासन की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे। आगामी नगर निगम चुनाव केवल पार्षद चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि अजमेर के भविष्य, विकास, जवाबदेही और भयमुक्त वातावरण का निर्णायक चुनाव होगा।
शैलेश गुप्ता ने कहा कि धर्मेंद्र गहलोत जैसे वरिष्ठ अधिवक्ता और सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति के साथ कांग्रेस पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की आवाज को दबाने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी।
अब डर नहीं, जनता की आवाज और वोट की चोट बोलेगी
डॉ. जयपाल ने कहा कि अजमेर की जनता अब डरने वाली नहीं है। आने वाले नगर निगम चुनाव में जनता अपने वोट की ताकत से डर, दबाव और कथित तानाशाही की राजनीति का जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल नगर निगम में सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था कायम करना है जहां आम नागरिक की शिकायत सुनी जाए, पार्षद और अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह हों तथा किसी नागरिक, कार्यकर्ता, नेता या अधिवक्ता को अपनी बात रखने के लिए किसी दबाव में आने की जरूरत न पड़े।
डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस हर नागरिक और उत्पीड़ित व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है। अजमेर को भयमुक्त, स्वच्छ, विकसित और जवाबदेह शहर बनाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
भवदीय
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी, अजमेर
मो.: 6375920300

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!